Pune Road Accident: पुणे-नासिक हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार ने 17 महिलाओं को रौंदा

Pune Road Accident: हादसे की चपेट में 17 महिलाओं के आने की खबर है। पांच महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 12 गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update:2023-02-14 11:12 IST

Pune Road Accident (photo: social media )

Pune Road Accident: महाराष्ट्र से एक भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुणे-नासिक हाईवे पर सोमवार देर रात एक एसयूवी ने सड़क पार कर रही महिलाओं को रौंद डाला। इस हादसे की चपेट में 17 महिलाओं के आने की खबर है। पांच महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 12 गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। सभी घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुणे – नासिक हाईवे पर ये भयंकर हादसा खारापुड़ी के करीब हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे की शिकार हुईं ये सभी महिलाएं पुणे शहर से खाना बनाने के लिए खेड़ तालुका के शिरोली स्थित मंगल कार्यालय जा रही थीं। रात के अंधेरे में ये महिलाएं सड़क पार कर रही थीं तभी एक कार ने इन महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना रात करीब 11 बजे की है।

मिली जानकारी के मुताबिक, तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य महिलाओं की अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई। अन्य 12 घायल महिलाओं का इलाज निजी एवं सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पांचों मृतक महिलाओं का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिलाओं के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

आरोपी कार ड्राइवर फरार

महिलाओं को कुचलने के बाद आरोपी वाहन चालक सड़क के डिवाइडर को तोड़कर गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी ड्राइवर के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। आसपास के पुलिस स्टेशऩों को इस बारे में जानकारी दे दी गई है।

बता दें कि सोमवार को ही महाराष्ट्र के पालघर का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। वीडियो में एक कार चालक ने ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल को करीब 1 किलोमीटर तक गाड़ी के बोनट पर लेकर घूमता रहा। बताया जा रहा है कि कार चालक के पास लाइसेंस नहीं था, इसलिए पुलिस से बचने के लिए वह भागने की कोशिश कर रहा था। आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

Tags:    

Similar News