राजस्थान के सलूंबर से बीजेपी विधायक अमृतलाल मीणा का निधन, हार्ट अटैक बना मौत का कारण

Rajasthan: सलूंबर सीट से तीसरी बार विधायक चुने गए अमृतलाल मीणा का हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। बुधवार देर रात उनकी तबियत बिगड़ गई थी।

Newstrack :  Network
Update: 2024-08-08 03:21 GMT

बीजेपी विधायक अमृतलाल मीणा (Pic: Social Media)

Rajasthan News: राजस्थान के बीजेपी विधायक अमृतलाल मीणा का आज सुबह निधन हो गया है। वे सलूंबर से विधायक थे। कल रात अचानक तबियत बिगड़ जाने के बाद उन्हें उदयपुर में भर्ती कराया गया। उदयपुर के महाराणा भूपाल हॉस्पिटल में भर्ती होने से पहले वह दोपहर तक जयपुर में थे। जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु हार्ट अटैक की वजह से हुई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का सही कारण बताया जा सकेगा। उनके निधन की खबर पर भाजपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। पार्टी नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। दो दशक से सियासत कर रहे मीणा राजस्थान की राजनीति में बड़ा नाम थे। वह तीसरी बार सलूंबर से विधायक चुने गए थे।

भाजपा को बड़ी क्षति

भाजपा विधायक को बचाने के लिए अस्पताल में डॉक्टरों ने पूरा प्रयास किया। बुधवार रात उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए हर संभव कोशिश की मगर सफल नहीं हो सके। विधायक अमृतलाल मीणा के निधन से उनके क्षेत्र में मातम पसरा है। उदयपुर से सांसद मन्नालाल रावत ने उनकी मृत्यु पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मीणा जुझारु नेता थे। उनका निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। 

तीसरी बार चुने गए विधायक

अमृतलाल मीणा का जन्म 15 सितंबर 1959 को हुआ था। करीब 65 वर्षीय मीणा लगातार तीसरी बार सलूंबर से विधायक चुने गए थे। उनकी गिनती भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता में होती थी। अपने क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी। जिसके चलते उन्हें तीसरी बार विधायक चुना गया था। आम कार्यकर्ताओं और जमीन पर मजबूत राजनीतिक पकड़ रखने वाले विधायक की मौत पर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गी। उदयपुर के एमबी अस्पताल में भाजपा विधायक ने आखिरी सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही अस्पताल में बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई।

Tags:    

Similar News