Swati Maliwal Case: 'मेरे खिलाफ गंदी बातें बोलने का दबाव’, राज्यसभा सांसद स्वाति का AAP पर आरोप

Swati Maliwal Case: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी AAP पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी नेताओं को मेरे खिलाफ गंदी बातें करने का टास्क दिया है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-22 07:50 GMT

Swati Maliwal Case: 'आप' की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के मामले को लेकर दिल्ली में जबरदस्त सियासत चल रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी AAP व उनके नेतागण इस पूरी घटना को बीजेपी की साजिश बता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी ने भी इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा लगातार आम आदमी पार्टी व अरविंद केजरीवाल को घेर रही है। वहीं, स्वाति मालीवाल भी 'आप' पर हमलावर हैं। आज यानी बुधवार को स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर नेताओं पर उनके खिलाफ गंदी बातें करने का दबाव है। नेताओं को इसको लेकर अलग-अलग टास्क दिए जा रहे हैं।

स्वाति मालीवाल ने एक्स पर शेयर किया पोस्ट

स्वाति मालीवाल ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, 'कल पार्टी के एक बड़े नेता का फोन आया। उसने बताया कैसे सब पर बहुत ज्यादा दबाव है, स्वाति के खिलाफ गंदी बातें बोलनी हैं, उसकी पर्सनल फोटोज लीक करके उसे तोड़ना है। ये बोला जा रहा है कि जो उसको सपोर्ट करेगा उसको पार्टी से निकाल देंगे। किसी को PC करने की और किसी को ट्वीट्स करने की ड्यूटी मिली है। किसी की ड्यूटी है अमरीका में बैठे वॉलंटियर्स को फ़ोन करके मेरे खिलाफ कुछ निकलवाना। आरोपी के कुछ करीबी बीट रिपोर्टर्स की ड्यूटी है कुछ फर्जी स्टिंग ऑपरेशन बनाकर लाओ।'

लड़ाई में अकेली हूं, पर हार नहीं मानूंगी

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने आगे लिखा, 'तुम हजारों की फौज खड़ी कर दो, अकेले सामना करूंगी। क्योंकि सच मेरे साथ है। मुझे इनसे कोई नाराजगी नहीं है, आरोपी बहुत शक्तिशाली आदमी है। बड़े से बड़ा नेता भी उससे डरता है। किसी की हिम्मत नहीं उसके खिलाफ स्टैंड ले पाए। मैं किसी से उम्मीद भी नहीं करती। दुख इस बात का लगा कि दिल्ली की महिला मंत्री कैसे हंसते-मुस्कुराते पार्टी की एक पुरानी महिला साथी का चरित्र हरण कर रही है। मैंने अपनी स्वाभिमान की लड़ाई शुरू की है, इंसाफ मिलने तक लड़ाई लड़ती रहूंगी। इस लड़ाई में मैं पूरी तरह अकेली हूं, पर हार नहीं मानूंगी।'

मुंबई से आरोपी विभव कुमार को लेकर दिल्ली लौटी पुलिस

वहीं दूसरी तरफ इस मामले में गिरफ्तार आरोपी विभव कुमार को दिल्ली पुलिस मुंबई से वापस राजधानी दिल्ली ले आई है। जांच के लिए बीते दिन यानी मंगलवार को दिल्ली पुलिस की टीम विभव कुमार को मुंबई ले गई थी। जानकारी के अनुसार, मुंबई में दिल्ली पुलिस की टीम ने विभव को तीन अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया, सभी तीन जगहों पर उसके फोन की लोकेशन ट्रैक की गई। साथ ही पुलिस ने कुछ लोगों के बयान भी दर्ज किये हैं।

बीजेपी आप को बना रही निशाना: आतिशी

आज यानी बुधवार को दिल्ली आप कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि 25 मई, छठवें चरण में दिल्ल्ली लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। मगर मतदान से पहले भाजपा ने आप को निशाना बनाने और दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए एक नई साजिश रची है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने अपने यहां से यमुना नदी के पानी के प्रवाह को रोक दिया है, ताकि दिल्ली की युमना में पानी कम हो जाए। यह सब दिल्ली के लोगों को परेशान करने और यहां जल संकट पैदा करने के लिए किया गया है। दिल्ली को यमुना जल की आपूर्ति रोकी जा रही है। एक जांच से पता चला है कि हरियाणा सरकार दिल्ली में यमुना जल का प्रवाह रोक रही है।

Tags:    

Similar News