बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 550 अंक और निफ्टी 150 अंक धड़ाम

Update:2018-02-09 10:10 IST

मुंबई: आम बजट पेश होने बाद इस पहले हफ्ते बाजार में गिरावट का ही दौर देखने को मिला। हालांकि, गुरुवार को गिरावट का सिलसिला थमा था, लेकिन शुक्रवार (09 फरवरी) को एक बार फिर बाजार टूटा। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुला। एक तरफ सेंसेक्स जहां करीब 550 अंक लुढ़का, वहीं निफ्टी भी 150 अंक से ज्यादा टूट गया।

अमेरिकी शेयर बाजार में सप्ताह में दूसरी बार प्रमुख सूचकांक डॉव जोंस में 1,000 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज हुई है। भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का कारण खराब वैश्विक संकेत को माना जा रहा है।

एशियाई बाजारों में तेज गिरावट

अमेरिकी बाजार में गुरुवार को जबर्दस्त गिरावट का असर शुक्रवार को एशियाई बाजारों पर तेज गिरावट के रूप में दिखा। जापान के शेयर बाजार में प्रमुख इंडेक्स निक्केई 589 अंक यानि 2.8 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। वहीं, हॉगकांग के प्रमुख इंडेक्स हैंग सेंग पर भी 2.8 प्रतिशत और शंघाई कंपोजिट पर भी 2.8 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई।

बिकवाली का दौर जारी

शेयर बाजार में बिकवाली का दौर जारी है। मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में जबर्दस्त बिकवाली हो रही है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स जहां 1.3 प्रतिशत गिरा है, वहीं निफ्टी के मिडकैप इंडेक्स में 1.2 फीसदी की कमजोरी दिख रही है।

Tags:    

Similar News