Lok Sabha Elections 2024: अब मुस्लिम महिलाओं में पैठ बनाने की BJP की रणनीति, प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में कल से चलेगा ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ अभियान

Lok Sabha Elections 2024: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से हर लोकसभा क्षेत्र में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हर कार्यक्रम में कम से कम एक हजार महिलाओं के शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2024-01-01 13:42 IST

shukriya modi bhaijaan campaign  (photo: social media )

Lok Sabha Elections 2024: देश में इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने मुस्लिम महिलाओं में पैठ बनाने के लिए बड़ा अभियान चलाने का फैसला किया है। चुनाव से पहले मुस्लिम महिलाओं को भाजपा से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में ‘शुक्रिया मोदी भाईजान अभियान’ चलाने की तैयारी है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से हर लोकसभा क्षेत्र में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हर कार्यक्रम में कम से कम एक हजार महिलाओं के शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दरअसल भाजपा ने सवर्ण मतदाताओं के साथ ही ओबीसी और दलित वोट बैंक में सेंध लगाने में कामयाबी हासिल कर ली है मगर अभी भी पार्टी को मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन नहीं हासिल हो पा रहा है। 2024 की सियासी जंग में अपना वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए भाजपा ने अब मुस्लिम महिलाओं में अपनी पहुंच बनाने का फैसला किया है। पार्टी ने पिछले दिनों मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाने का बड़ा कदम उठाया था और ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि मुस्लिम महिलाओं के बीच अभियान चलाने से पार्टी को बड़ी कामयाबी हासिल हो सकती है।

अभियान के तहत क्या किया जाएगा

मुस्लिम महिलाओं तक पहुंच बनाने के लिए इस अभियान की टैगलाइन है ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’। ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ कार्यक्रम के जरिए मुस्लिम महिलाओं को यह बताने की कोशिश की जाएगी कि केंद्र की मोदी सरकार की ओर से मुस्लिम महिलाओं की भलाई के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही पार्टी की ओर से मुस्लिम महिलाओं को यह बताने की भी कोशिश की जाएगी कि आखिरकार उन्हें भाजपा को क्यों वोट देना चाहिए।

कल से 20 जनवरी तक चलेगा अभियान

भाजपा से जुड़े हुए सूत्रों का कहना है कि मुस्लिम महिलाओं के लिए आयोजित किए जाने वाले सम्मेलनों में मुस्लिम महिलाओं को उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, हज का कोटा बढ़ाया जाना, मुस्लिम बच्चों को छात्रवृत्ति समेत समुदाय को लाभ पहुंचाने वाली विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

इस अभियान की शुरुआत कल होने वाली है और यह अभियान 20 जनवरी तक चलाया जाएगा। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कहा कि मोदी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं का जीवन स्तर सुधारने और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए काफी काम किया है। पार्टी को उम्मीद है कि इस अभियान के जरिए मुस्लिम महिलाओं को भाजपा से जोड़ने में कामयाबी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत काफी संख्या में मुस्लिम महिलाओं को आवास मिले हैं। इससे मुस्लिम आबादी की आवास की समस्या का काफी हद तक समाधान हुआ है।

और मुश्किल हो सकती है विपक्ष की राह

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की ओर से विभिन्न स्तरों पर काफी काम किया जा रहा है। इस मामले में विपक्षी दल काफी पिछड़े हुए नजर आ रहे हैं जबकि भाजपा ने मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए कई तरह के अभियान छेड़ने की रणनीति तैयार कर ली है। भाजपा युवा मतदाताओं तक पहुंचने के साथ ही देश भर के गांवों में बड़ा अभियान छेड़ने जा रही है। इसके साथ ही पार्टी ने मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए भी अब बड़ी रणनीति तैयार कर ली है।

माना जा रहा है कि इसका भाजपा को बड़ा सियासी लाभ मिल सकता है। सियासी जानकारों के मुताबिक यदि भाजपा का यह अभियान कुछ हद तक भी कामयाब रहा तो पार्टी के वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी और विपक्षी दलों की राह और मुश्किल हो जाएगी।

Tags:    

Similar News