सिक्किम पुलिस के जवान ने अपने ही साथियों पर चलाई गोली, 2 की मौत और एक घायल

दिल्ली में सिक्किम पुलिस के एक जवान ने अपने तीन साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इस घटना में दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।;

Written By :  Krishna Chaudhary
Update:2022-07-18 17:09 IST

Firing| (Social Media)

New Delhi: बीते कुछ समय से सेना और पुलिस के जवानों के बीच आपसी गोलीबारी की घटना लगातार सामने आ रही है। इसी क्रम में एक और मामला सामने आया है। ताजा घटना राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की है, जहां सिक्किम पुलिस (Sikkim Police) के एक जवान ने अपने तीन साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इस घटना में दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घटना दिल्ली के रोहिणी स्थित हैदरपुर की है, जहां एक वाटर प्लांट पर ड्यूटी कर रहे सिक्किम पुलिस के जवानों के बीच आपस में ही किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते मामला इतना गंभीर हो गया कि एक जवान ने अपने साथी तीन जवानों पर गोली चला दी। घायल एक जवान को अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, आरोपी जवान से पूछताछ के बाद ही विवाद की असली वजह सामने आएगी।

शनिवार को जम्मू में हुई थी ऐसी वारदात

बीते कुछ समय से ऐसी घटनाओं का सिलसिला सा शुरू हो गया है। खासकर सेना में ऐसे मामाले काफी अधिक सामने आ रहे हैं। बीते शनिवार को ही उधमपुर में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात आईटीबीपी के जवानों के बीच किसी बात पर विवाद छिड़ गया, जिसके बाद वहां गोलियां चल गई। एक जवान ने अपने साथी तीन जवानों पर फायरिंग कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में आईटीबीपी के एक जवान की मौत और तीन घायल हुए हैं।

इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को पुंछ जिले से ऐसी ही घटना सामने आई थी। जिले के सुरनकोट स्थित सीमा की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही सेना की बटालियन में तैनात जवानों में किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि जवानों ने एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें दो जवानों की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Tags:    

Similar News