Maharashtra Election 2024: कौन हैं स्वरा भास्कर के पति जो फिर हैं चर्चा में? जानिए क्यों?

Maharashtra Assembly Election 2024: 2017-2018 में टीआईएसएस छात्र संघ के महासचिव बनने के बाद फहाद अहमद पहली बार चर्चा में आए। फहाद अहमद का विवादों से भी गहरा नाता रहा है।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update:2024-10-28 14:54 IST

स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद  (photo: social media )

Maharashtra Assembly Election 2024: फहाद अहमद यह नाम इस समय फिर सुर्खियों में है। फहाद अहमद किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वे बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के पति हैं। अब इस समय उनके चर्चा में आने का कारण है उनका विधानसभा का चुनाव लड़ना। फहाद अहमद मुंबई की अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें शरद पवार ने अपनी पार्टी से टिकट देकर मैदान में उतारा है। फहाद के चुनाव लड़ने से यहां मुकाबला काफी रोचक हो गया है।

दरअसल यह सीट चाचा-भतीजा के अलग-अलग गुटों में बंटी एनसीपी के कोटे में आई है। भतीजे अजित पवार ने यहां से महाराष्ट्र के विवादित मंत्री रहे नवाब मलिक की बेटी सना खान को मैदान में उतारा है। वहीं भतीजे को तगड़ी टक्कर देने पर आमादा चाचा शरद पवार ने यहां से अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद को टिकट दिया है। यह सीट अल्पसंख्यक बहुल है। यहां से एनसीपी नेता नवाब मलिक चुनाव जीतते रहे हैं। 2017-2018 में टीआईएसएस छात्र संघ के महासचिव बनने के बाद फहाद अहमद पहली बार चर्चा में आए। फहाद अहमद का विवादों से भी गहरा नाता रहा है।

आज हम आपको यहां एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के पति फहाद जिरार अहमद के बारे में बताने जा रहे हैं। वह कौन हैं? कैसे राजनीति में आए और राजनेता बने और कहां के रहने वाले हैं?

...तो आइए जानते हैं इनके बारे में-

बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर और फहाद अहमद ने कोर्ट मैरिज शादी की है। फहाद अहमद छात्र नेता रहे हैं वे सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वे टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस स्टूडेंट यूनियन के महासचिव रह चुके हैं। जुलाई 2022 में फहाद ने अबू आसिम आजमी और रईस शेख की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी में आ गए। वह सपा के महाराष्ट्र और मुंबई ईकाई में युवजन सभा के अध्यक्ष भी रहे हैं। अब वे शरद पवार की पार्टी में हैं और उन्हीं की पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं।


यूपी से है नाता

फहाद का जन्म 2 फरवरी 1992 को यूपी के बहेरी में हुआ। उनके पिता का नाम जिरार अहमद है। फहाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और एम.फिल किए हैं। इसके बाद वह टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई से सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर जुड़े थे। 2017 और 2018 में फहाद को टीआईएसएस छात्र संघ का महासचिव चुना गया।


जब पहली बार चर्चा में आए

2017-2018 में टीआईएसएस छात्र संघ के महासचिव बनने के बाद फहाद अहमद पहली बार चर्चा में आए। तब उन्होंने 1000 से अधिक छात्रों के साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग के लिए फीस माफी को वापस लेने का विरोध किया था। उन्होंने मुंबई में सीएए विरोधी प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया और देश के कई हिस्सों में रैलियां निकालीं। यही नहीं फहाद भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में मौन विरोध का हिस्सा बनकर भी चर्चा में रहे हैं।


विवादों से भी रहा है नाता

फहाद का विवादों से भी नाता रहा है। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के दीक्षांत समारोह के दौरान फहाद ने यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन एस. रामादुरई के हाथों एम.फिल की डिग्री लेने से इनकार कर दिया था। फहाद के इस कदम का नतीजा यह निकला कि टाटा इंस्टीट्यूट ने छात्रों को क्लीयरेंस देने से ही इनकार कर दिया था। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज ने फहाद अहमद को पीएचडी में रजिस्ट्रेशन से बैन कर दिया। टीआईएसएस ने उस समय बयान जारी कर कहा था कि यह संस्थान का अपमान है।


अब स्वरा भास्कर के बारे में

स्वरा भास्कर का जन्म 9 अप्रैल 1988 में हुआ। स्वरा भास्कर बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं और पिछले कई सालों से फिल्मी दुनिया में अपनी एक्टिंग के दम पर राज कर रही हैं। उनके पिता इंडियन नेवी ऑफिसर रहे तो उनकी मां ईरा भास्कर दिल्ली के जेएनयू में प्रोफेसर हैं।



Tags:    

Similar News