Haryana Assembly Election 2024: बीजेपी सरकार का शपथग्रहण 17 को

Haryana Assembly Election 2024: भाजपा ने हरियाणा विधानसभा की 90 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की है। जो बहुमत से अधिक है। इस बार भाजपा ने अपने दम पर विधानसभा चुनाव में बहुमत का आंकड़ा पार किया है।

Report :  Network
Update:2024-10-12 12:18 IST

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा में शानदार विजय हासिल कर तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी सरकार का शपथग्रहण 17 अक्टूबर को होगा। हरियाणा में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार सरकार बनाने में सफलता हासिल की है। भाजपा ने हरियाणा विधानसभा की 90 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। जो बहुमत से अधिक है। इस बार भाजपा ने अपने दम पर विधानसभा चुनाव में बहुमत का आंकड़ा पार किया है।

एक बार फिर बीजेपी के नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की 17 अक्टूबर को शपथ लेंगे। भाजपा इस शपथग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी है। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, हमें प्रधानमंत्री की मंजूरी मिल गई है। अब 17 अक्टूबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद शपथ लेंगे। शपथग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित बीजेपी के तमाम बड़े पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। शपथग्रहण में बीजेपी राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित राजस्थान, असम, उड़ीसा के मुख्यमंत्री शपथग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। शपथग्रहण समारोह पंचकूला के दशहरा ग्राउंड सेक्टर 5 में होगा। इसके लिए 10 बजे का समय निर्धारित किया गया है।

बीते दिनों नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ बीजेपी नेताओं से दिल्ली में मुलाकात की थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी भेंट की थी।

खट्टर को हटा कर बनाया गया था मुख्यमंत्री

हरियाणा विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही नायब सिंह सैनी को मनोहर लाल खट्टर को हटाकर मुख्यमंत्री बनाया गया था। यह दूसरी बार होगा जब वह हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे। लोकसभा चुनावों से पहले सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बना कर भाजपा ने सबको चौंका दिया था। सैनी के सीएम बनने के बाद हरियाणा की राजनीति में भाजपा ने नया मोड़ ला दिया है। सैनी के ओबीसी समुदाय से होने के चलते, बीजेपी ने राज्य में सामाजिक समीकरणों का ध्यान रखा है।

तीसरी बार बनेगी बीजेपी की सरकार

हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी की सामाजिक समीकरण की रणनीति ने विधानसभा चुनाव में सबको चौंका दिया। एग्जिट पोल के सारे दावे भी फेल हो गए और वहीं कांग्रेस को बीजेपी ने तगड़ा झटका देते हुए फिर से हरियाणा में शानदार जीत दर्ज की। बीजेपी ने राज्य की कुल 90 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News