...तो रायबरेली सीट छोड़ देंगी सोनिया गांधी? इस लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ाने के लिए पास हुआ प्रस्ताव

Sonia Gandhi News: तेलंगाना कांग्रेस ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया है। जिसमें कहा गया है कि, सोनिया गांधी तेलंगाना से चुनाव लड़ें। अब सियासी अटकलबाजी का दौर शुरू हो गया है।

Report :  aman
Update: 2024-01-04 15:10 GMT

सोनिया गांधी (Social Media)

Lok Sabha Election 2024: नए साल की शुरुआत के साथ लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सियासी सरगर्मी के बीच तेलंगाना कांग्रेस (Telangana Congress) ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया है। जिसमें कहा गया है कि, सोनिया गांधी तेलंगाना से चुनाव लड़ें। इसके बाद माना जा रहा है कि, संभवतः सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट छोड़ सकती हैं।

तेलंगाना कांग्रेस के इस कदम से राजनीतिक अटकलबाजी का दौर शुरू हो गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि, सोनिया गांधी तेलंगाना के मेडक सीट (Sonia Gandhi Medak Seat) से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। आपको बता दें, इस सीट से पहले भी गांधी परिवार किस्मत आजमा चुका है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी यहां से चुनाव लड़ चुकी हैं। इस संबंध में कांग्रेस नेता मधु याक्षी गौड़ का कहना है कि, 'हमने प्रस्ताव पारित किया है कि सोनिया गांधी तेलंगाना से चुनाव लड़ें। उनके लड़ने से पूरे दक्षिण भारत में कांग्रेस को फायदा होगा।'

रायबरेली सीट से चार बार की सांसद रही हैं सोनिया

सोनिया गांधी लंबे समय से उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद हैं। रायबरेली सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है। सोनिया बीते चार लोकसभा चुनाव में यहां से जीत दर्ज करती रही हैं। उन्हें हर चुनाव में यहां 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिले हैं। यह सीट ऐतिहासिक तौर पर कांग्रेस के पास ही रही है। लेकिन, इस बार बनते-बिगड़ते समीकरणों के बीच सोनिया गांधी के पांचवीं बार चुनाव लड़ने पर सस्पेंस शुरू हो गया है। 

कांग्रेस का 'गढ़' रहा है रायबरेली

आजादी के बाद देश में अब तक हुए 17 लोकसभा चुनाव में 3 चुनाव छोड़ दें तो यह सीट हर बार कांग्रेस के खाते में ही गई है। देश के 72 साल के चुनावी इतिहास में यूपी की रायबरेली सीट 66 साल तक कांग्रेस के पास ही रही है। खासकर गांधी परिवार का यहां दबदबा रहा है।  

प्रियंका को उतारने की तैयारी तो नहीं !

तेलंगाना कांग्रेस (Telangana Congress) की ओर से आज पास प्रस्ताव को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सवाल ये भी है कि क्या सोनिया गांधी के रायबरेली सीट छोड़ने के बाद उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने हाल ही में प्रियंका और राहुल गांधी से उत्तर प्रदेश की सीट से चुनाव लड़ने की अपील की थी। 

Tags:    

Similar News