Illegal Immigrants: अमेरिका से 112 भारतीय निर्वासित, अमृतसर पहुंचा तीसरा विमान
Illegal Immigrants: अमेरिका वायु सेना का एक और विमान 112 भारतीय अप्रवासियों को लेकर अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचा चुका है।;
Illegal Immigrants: अमेरिका में अवैध रूप से रहने वाले भारतीय नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में अमेरिका वायु सेना का एक और विमान 112 भारतीय अप्रवासियों को लेकर अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचा। यह तीसरा विमान है, जो निर्वासित भारतीयों को वापस लेकर आया है। इससे पहले दो अन्य विमानों ने भी अमृतसर में लैंडिंग की थी, जिनमें क्रमशः 116 और 104 अवैध प्रवासी थे।
विमान में 112 अवैध प्रवासी सवार
सूत्रों के अनुसार, इस जत्थे में शुरुआत में 157 अवैध प्रवासियों को भेजने की योजना थी, लेकिन अंतिम सूची में यह संख्या 112 हो गई। यह सभी भारतीय नागरिक अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे और वहां की सरकार ने उन्हें निर्वासित करने का फैसला लिया। इससे पहले, बीते दिनों 116 भारतीयों को लेकर एक अन्य अमेरिकी विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था।
राज्यों के अनुसार प्रवासियों की संख्या
पिछले जत्थे में आए 116 अवैध प्रवासियों में 65 पंजाब, 33 हरियाणा, आठ गुजरात, दो उत्तर प्रदेश, दो गोवा, दो महाराष्ट्र, दो राजस्थान और एक-एक हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर से थे। इन प्रवासियों में अधिकांश की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
बेहतर भविष्य की तलाश में गंवा दी संपत्ति
डिपोर्ट किए गए इन प्रवासियों के परिवारों पर इसका गहरा असर पड़ा है। इनमें से कई लोगों के परिजनों ने अपने खेत, मवेशी और अन्य संपत्तियां गिरवी रखकर विदेश जाने के लिए धन जुटाया था। लेकिन अब उन्हें निराशा हाथ लगी है।
जानकारी के लिए बता दें की 5 फरवरी को भी 104 भारतीयों को लेकर अमेरिका से एक विमान अमृतसर पहुंचा था। इस जत्थे में 33-33 लोग हरियाणा और गुजरात से, जबकि 30 पंजाब से थे। भारत सरकार इस मामले पर अमेरिका से लगातार बातचीत कर रही है ताकि अवैध प्रवास को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। अमेरिका द्वारा अवैध प्रवासियों पर सख्ती के बाद कई भारतीय अब स्वदेश लौट रहे हैं। भविष्य में इस तरह के और भी जत्थे भारत आ सकते हैं।