Weather Today Update: दक्षिण भारत के राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश,जानिए अपने इलाके के मौसम का हाल

Weather Today Update: बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश कुछ राज्यों में दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश खलल डालेगी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-09-29 02:44 GMT

Weather Today Update in India (image social media)

Weather Today Update: देश में नवरात्रि की शुरुआत के बावजूद कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी कई राज्यों में बारिश होने की आशंका है। खासतौर पर दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु,ओडिशा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में आज झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। यूपी, बिहार और झारखंड में भी हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश कुछ राज्यों में दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश खलल डालेगी।

अगले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों,पूर्वोत्तर भारत, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन राज्यों के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, सिक्किम और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग की ओर से देश के पांच राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। तेलंगाना में गुरुवार और शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। ओडिशा में भी आज मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण ओडिशा में एक अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 29 और 30 सितंबर को भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

कैसा रहेगा यूपी का मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी एक हफ्ते तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी कर सकता है। हालांकि भारी बारिश होने की आशंका अब नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

झारखंड और बिहार में जारी रहेगी बारिश

झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में अच्छी बारिश हुई है। बुधवार को भी रांची के कई इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश का दौर एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना जताई है। आज भी राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड में भी दिखेगा। इस दौरान अगले महीने की शुरुआत में राज्य में बारिश होने की आशंका है। झारखंड के साथ ही बिहार के विभिन्न इलाकों में भी आज मध्यम से तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है।

अक्टूबर की शुरुआत में फिर बिगड़ेेगा मौसम

मौसम के जानकारों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनता दिख रहा है। इसके उत्तर पश्चिम दिशा से मध्य प्रदेश तक जाने की संभावना है। इस कारण अगले महीने की शुरुआत में कई राज्यों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 3 से 7 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News