Weather Today: महाराष्ट्र में भारी बारिश का रेड अलर्ट, मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, दिल्ली-यूपी में भी जमकर होगी बरसात

Weather Update Today 27 July 2023: मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम भारत में आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। कई इलाकों में बहुत भारी बारिश के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

Update: 2023-07-27 03:17 GMT
Weather Update Today 27 July 2023 (photo: social media )

Weather Update Today 27 July 2023: देश के कई इलाकों में इन दिनों भारी बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों और राजधानी मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट घोषित किए जाने के बाद मुंबई के सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र,कोंकण व गोवा,तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक के विभिन्न इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से रविवार तक बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी (Heavy Rain in Maharashtra)

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम भारत में आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। कई इलाकों में बहुत भारी बारिश के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग की ओर से महाराष्ट्र में आज रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

आईएमडी के मुताबिक कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में शनिवार तक झमाझम बारिश का दौर बना रहेगा। गुजरात और मराठवाड़ा में भी आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद (School Closed in Mumbai)

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कई दिनों से भारी बारिश का दौर बना हुआ है और मौसम विभाग की ओर से आज रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग की ओर से पहले ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया था मगर ताजा हालात के मद्देनजर इसे बदलकर रेड अलर्ट कर दिया गया है। मौसम विभाग के इस कदम के बाद बीएमसी ने आज मुंबई के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं।

बीएमसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। मुंबई के विभिन्न इलाकों में बुधवार को लगातार भारी बारिश होती रही और अब आज भी विभिन्न इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनेगी। मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी आज स्थगित कर दी गई हैं।

यूपी में भी जमकर बरसेंगे बादल (UP Me Barish Kab Hogi)

मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार तक झमाझम बारिश होने की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर शुक्रवार से शुरू होगा और फिर रविवार तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार तक बारिश होने की संभावना है। देश के दो पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अभी हालात सुधरने की उम्मीद नहीं दिख रही है। दोनों राज्यों में आज और कल बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मध्य भारत में भी शनिवार तक बारिश का दौर बना रहेगा। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ के विभिन्न इलाकों में आज बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में भी आज और कल भारी बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।

इन इलाकों में भी भारी बारिश के आसार

दक्षिण भारत के कई इलाकों में कई दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में शुक्रवार तक झमाझम बारिश का दौर बना रहेगा। तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में भी आज जोरदार बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी भारत में 23 जुलाई तक मौसम का मिजाज सुधरने की उम्मीद नहीं है। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। ओडिशा में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबतें पैदा करेगी। उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गुरुवार और शुक्रवार को बारिश का दौर बना रहेगा।

बिहार और झारखंड में शनिवार को अच्छी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई इलाकों में कल भारी बारिश होने की आशंका है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और कोंकण व गोवा में अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, पूर्वी राजस्थान, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

उत्तर और मध्य राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार के कुछ हिस्सों और शेष उत्तर पूर्व भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

Tags:    

Similar News