Weather Today: कई राज्यों में आज बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, जानिए अपने इलाके का हाल

Weather Today Update 1 October 2022: मानसून की सक्रियता कम होने के बावजूद आज देश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। तटीय राज्य कर्नाटक के इलाकों में आज झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-10-01 03:00 GMT

Weather Update Today (image social media)

Weather Update Today 1 October 2022: मानसून की सक्रियता कम होने के बावजूद आज देश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। तटीय कर्नाटक के इलाकों में आज झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। झारखंड, ओडिशा और पूर्वी बिहार में भी आज बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में कई राज्यों में व्यापक तौर पर बारिश का कारण बनेगा।

इन राज्यों में आज बारिश की संभावना

मौसम के जानकारों के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान तटीय कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। पूर्वी झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, कोकण व गोवा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, पूर्वी बिहार, पूर्वी गुजरात, तमिलनाडु, केरल, सिक्किम और तेलंगाना में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 

झारखंड में जारी रहेगा बारिश का दौर 

झारखंड में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि खासकर पूर्वी झारखंड के इलाकों में बारिश की ज्यादा संभावना है। पूर्वी झारखंड में झमाझम बारिश होने की आशंका जताई गई है। रांची स्थित मौसम केंद्र का कहना है कि राज्य में बारिश का दौर 3 अक्टूबर तक जारी रहेगा। 3 अक्टूबर को राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। आगामी सोमवार को होने वाली बारिश का सबसे ज्यादा असर राजधानी रांची, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी आदि इलाकों में दिखेगा।। इसका कारण बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन को बताया जा रहा है। झारखंड के अलावा बिहार के पूर्वी इलाकों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। 

ओडिशा और कर्नाटक का हाल 

ओडिशा में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आज से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है। आज राज्य के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। तटीय कर्नाटक के इलाकों में आज मौसम का तेवर बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि कर्नाटक के तटीय इलाकों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और कोंकण व गोवा में भी आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में कई राज्यों के मौसम पर काफी असर डालेगा। नवरात्र और दशहरा के त्योहार के दौरान उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में 3 से 7 अक्टूबर तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

राजस्थान में फिर होगी बारिश 

राजस्थान से दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई हो गई है मगर फिर भी आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की संभावना बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में 3 अक्टूबर से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। जयपुर के मौसम केंद्र का कहना है कि राज्य के कई इलाकों में 5 से 7 अक्टूबर तक ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जयपुर, उदयपुर, कोटा और जोधपुर संभाग के जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। 

Tags:    

Similar News