Weather Update Today: देश के कई इलाकों में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, ठंड बढ़ाएगी लोगों की मुसीबत

Weather Update Today: मौसम विभाग की ओर से जारी बारिश के अलर्ट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-11-27 07:37 GMT

Weather Today Update  (photo: social media )

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आने लगा है। देश के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम के वक्त अच्छी-खासी ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग की ओर से जारी बारिश के अलर्ट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के कारण तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली के अलावा गुजरात,दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तरी कोंकण, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी बारिश की आशंका का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने की भी चेतावनी दी है। उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। गुजरात में रविवार को भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बादल छाए रहने से ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में चेतावनी

मौसम विभाग की ओर से आज हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी-तूफान आने के चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड में तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी का मौसम बना रह सकता है। उत्तरकाशी की सुरंग में फंसे मजदूर को सुरक्षित बाहर निकलने का काम भी इससे प्रभावित हो सकता है। बचाव अभियान में जुटे लोगों के लिए मौसम खलनायक की भूमिका निभा सकता है।

बारिश के कारण बढ़ेगी ठंड

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 28 नवंबर तक हल्की बारिश होने की आशंका जताई गई है। उत्तर पश्चिम भारत में आज और मध्य भारत में 29 नवंबर से ठंड में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक बदले हुए मौसम के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिम विक्षोभ के पश्चिम हिमालय क्षेत्र में पहुंचने के कारण जम्मू-कश्मीर में भी गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में भी बरसेगा पानी

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कोंकण गोवा, गुजरात, राजस्थान के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी आज मौसम का मिजाज बदला रहेगा। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Tags:    

Similar News