Weather Today: ओडिशा,झारखंड और बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए अन्य राज्यों का हाल

Weather Update Today: मानसून की सक्रियता के दूसरे चरण में कई राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है। खास तौर पर ओडिशा के लोग भारी बारिश के कारण काफी परेशान हैं। मौसम विभाग बताया है कि आज भी ओडिशा में भारी बारिश होने की आशंका है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-08-20 02:44 GMT

Weather Update Today (image social media)

Click the Play button to listen to article

Weather Update Today 20 August 2022: मानसून की सक्रियता के दूसरे चरण में कई राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है। खास तौर पर ओडिशा के लोग भारी बारिश के कारण काफी परेशान हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी ओडिशा में भारी बारिश होने की आशंका है। राज्य के 15 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा के अलावा झारखंड,पश्चिम बंगाल और गोवा में भी भारी बारिश लोगों की मुसीबतें बढ़ाएगी। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका पैदा हुई है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए समुद्री तटों पर ना जाने की हिदायत दी गई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी आज व्यापक बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

इन राज्यों में खराब रहेगा मौसम 

पिछले 24 घंटे के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ा है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और दक्षिण पूर्व झारखंड में कुछ स्थानों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, झारखंड के शेष हिस्सों और आंतरिक ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। पूर्वी राजस्थान, तेलंगाना और दक्षिण उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, शेष उत्तर प्रदेश, केरल के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत, जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 

ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट 

ओडिशा के विभिन्न जिलों में इन दिनों भारी बारिश का कहर दिख रहा है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की ओर से दी गई चेतावनी के मुताबिक आज राज्य के सात जिलों में लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। राज्य के आठ अन्य जिलों में भी व्यापक वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए समुद्री तटों की ओर न जाने की हिदायत दी गई है। महानदी में आई बाढ़ के कारण भी राज्य के लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों के अफसरों को राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा है। 

बंगाल और झारखंड में भी जमकर बारिश

गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी आज मौसम काफी खराब रहेगा। इसका कारण भी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र को ही बताया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में आज और कल मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड में भी गरज-चमक के साथ व्यापक तौर पर बारिश होने की संभावना है। 

राजस्थान में जोरदार बारिश की संभावना

राजस्थान में आज से एक बार भारी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आज रात से पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में आज जोरदार बारिश होने की संभावना है। 21 और 22 अगस्त को भी राज्य में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर व अजमेर संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश और कुछ इलाकों में भारी से लेकर अति भारी बारिश होने की आशंका है। 

Tags:    

Similar News