Weather Update Today: कई राज्यों में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, अब ठंड करेगी बेहाल

Weather Update Today: नवंबर महीने का तीन हफ्ता बीतने के बाद अब देश के कई राज्यों में सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-11-25 02:54 GMT

Weather Update Today (photo: social media )

Weather Update Today: उत्तर भारत के कई इलाकों में सर्दी का दौर शुरू हो गया है। देश के कई राज्यों में आज से मौसम का तेवर बदलने के साथ ठंड में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज से देश के कई राज्यों में मौसम का तेवर बदलने की चेतावनी दी है। तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके साथ ही मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण राजस्थान में आज से तीन दिनों तक मौसम खराब रहेगा। इन राज्यों में 27 नवंबर तक आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी गई है। दिल्ली में भी ठंड बढ़ने के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम बदलने से बढ़ेगी ठंड

नवंबर महीने का तीन हफ्ता बीतने के बाद अब देश के कई राज्यों में सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह और शाम के वक्त ठंड से बचने के लिए लोगों ने स्वेटर के साथ कंबल-रजाई भी निकाल ली है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मौसम का तेवर बदलने के साथ कई राज्यों में ठंड और बढ़ेगी। आईएमडी के मुताबिक केरल, माहे और लक्षद्वीप में आज तेज बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु,पुडुचेरी और कराईकल में दो दिनों तक तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

इन चार राज्यों में तीन दिनों तक बरसेगा पानी

देश के चार राज्यों में आज से मौसम का तेवर पूरी तरह बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण राजस्थान में आज से तीन दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। मजे की बात यह है कि आज राजस्थान के विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग भी हो रही है और ऐसे में दक्षिण राजस्थान के लोगों को बारिश के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव दिखेगा। राज्य के दक्षिण पश्चिम के जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने और आंधी-तूफान आने की चेतावनी दी गई है। राजस्थान के मौसम विभाग का कहना है कि 26 नवंबर को मौसम ज्यादा खराब रहेगा।

इस दौरान उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, सिरोही, पाली और जालौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में बारिश होने की चेतावनी दी है।

इस कारण बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के दस्तक देने के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। उत्तर पश्चिम भारत के कई जिलों में 26 से 28 नवंबर तक मौसम खराब रहेगा और इस दौरान बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में 27 नवंबर को आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने का अंदेशा है।अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 26 और 27 नवंबर को बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस इलाके में 28 नवंबर को तेज बारिश होने की आशंका है

कश्मीर में पड़ने लगी कड़ाके की ठंड

दूसरी ओर कश्मीर में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि श्रीनगर में कुछ समय पूर्व तापमान 0 से नीचे पहुंच गया था। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 5 दिनों के दौरान पहली बार तापमान जमाव बिंदु से ऊपर पहुंचा है।

वैसे राज्य के कई इलाकों में तापमान 0 से 1.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। गुलमर्ग में तापमान 0 से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड में जबर्दस्त बढ़ोतरी होगी और राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच जाएगा।

Tags:    

Similar News