West Bengal Accident: पश्चिम बंगाल में दर्दनाक हादसा, 10 कांवड़ियों की तड़प-तड़प कर मौत

West Bengal Accident: कूचबिहार के जलपेश में प्रसिद्ध शिव मंदिर है और ये सभी कावड़िए पिकअप पर सवार होकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-08-01 02:00 GMT

10 कांवड़ियों की मौत (फोटो: सोशल मीडिया )

West Bengal Accident: सावन के सोमवार से पहले रविवार की देर रात पश्चिम बंगाल में हुए दर्दनाक हादसे ने सबका दिल दहला दिया। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में करंट लगने से 10 कांवड़ियों की मौत हो गई। कूचबिहार के जलपेश में प्रसिद्ध शिव मंदिर है और ये सभी कावड़िए पिकअप पर सवार होकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

पिकअप के वाहन में डीजे लगा हुआ था और उसके साथ ही जनरेटर भी रखा हुआ था। बताया जाता है कि जनरेटर की शार्ट सर्किट से वाहन में करंट फैल गया जिससे 10 शिवभक्तों की मौत हो गई। हादसे में 16 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

शार्ट सर्किट से फैला वाहन में करंट 

घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक वाहन पर 27 लोग सवार थे और ये सभी लोग जलपेश के प्रसिद्ध शिव मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सावन के सोमवार के मौके पर इस मंदिर में काफी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते रहे हैं। सभी कांवड़िए एक पिकअप वाहन पर सवार थे जिसमें डीजे लगा हुआ था। डीजे को चलाने के लिए उसके साथ ही जेनरेटर सेट भी रखा था। 

पुलिस के मुताबिक जेनरेटर की वायरिंग से शार्ट सर्किट होने के कारण पिकअप में करंट दौड़ गया और पिकअप पर सवार 10 कांवड़ियों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस भयानक हादसे में 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें न्यू जलपाईगुड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पिकअप का ड्राइवर फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस दुर्घटना की जांच पड़ताल में जुटी 

पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना कूचबिहार के मेखलीगंज थाना क्षेत्र के धरला ब्रिज पर हुई है। घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घटना के संबंध में माताभंगा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने बताया कि वाहन के पिछले हिस्से में जेनरेटर लगाया गया था।

 उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती जांच से पता चला है कि जेनरेटर की वायरिंग में शार्ट सर्किट से ही वाहन में करंट दौड़ा और कांवड़िए उसका शिकार हो गए। 

दुर्घटना के बाद वाहन का चालक फरार

घटना में जख्मी हुए कांवड़ियों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पहले उन्हें चंगरबंधा के अस्पताल ले जाया गया था। जांच पड़ताल के बाद डॉक्टरों ने हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें न्यू जलपाईगुड़ी के अस्पताल में रेफर कर दिया। दुर्घटना के शिकार हुए कांवड़ियों के परिजनों को इस बाबत सूचना दे दी गई है। हादसे का शिकार हुए कावड़िए सीतलकुची थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस से पिकअप वाहन के फरार ड्राइवर की तलाश करने में जुटी हुई है। 

जलपेश के शिव मंदिर की इलाके में काफी मान्यता है और सावन महीने के दौरान यहां पर काफी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का दर्शन करने के लिए आते हैं। पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार हुए कांवड़िए इसी शिव मंदिर में सावन के सोमवार पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए जा रहे थे। 

Tags:    

Similar News