PM Modi in Karnatka: वो मेरी कब्र खोदने में व्यस्त हैं, मैं गरीबों की जिंदगी आसान बनाने में, पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

PM Modi in Karnatka: कांग्रेस और उनके साथी मोदी की कब्र खोदने का सपना देख रहे हैं। कांग्रेस, मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है और मोदी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने में व्यस्त है।

Written By :  Jugul Kishor
Update: 2023-03-12 09:40 GMT

PM Modi in Karnatka 

PM Modi in Karnatka: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक दौरे पर पहुंचे। पीएम ने राज्य को कई योजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने 12608 करोड़ की लागत से बनाये गये 6 लेन बैंगलुरू-मैसूर हाइवे का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

'कांग्रेस व उसके साथी कब्र खोदने का सपना देख रहे'

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कांग्रेस और उनके साथी मोदी की कब्र खोदने का सपना देख रहे हैं। कांग्रेस, मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है और मोदी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने में व्यस्त है। कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है और मोदी गरीब का जीवन आसान बनाने में व्यस्त है। मोदी की कब्र खोदने का सपना देख रही कांग्रेसियों को पता नहीं है कि देश की करोड़ों माताओं-बहनों का आशीर्वाद मोदी का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।

पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले केंद्र की कांग्रेस सरकार ने गरीब परिवारों को तबाह करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। जो पैसा गरीब के विकास के लिए था, उसका हजारों-करोड़ रुपये कांग्रेस की सरकार ने लूट लिया था। कांग्रेस को कभी करीब के दुख-दर्द से कोई फर्क नहीं पड़ा है। पीएम ने कहा कि 2014 में जब आपने मुझे वोट देकर सेवा का मौका दिया तो देश में गरीब का दुख-दर्द समझने वाली संवेदनशील सरकार बनी। इस​के बाद भाजपा की केंद्र सरकार ने पूरी ईमानदारी से गरीब की सेवा करने का प्रयास किया। गरीब के जीवन से मुश्किल कम करने का लगातार प्रयास किया।

बीते 9 वर्षों में भाजपा सरकार की योजनाओं से करोड़ों गरीबों का जीवन आसान हुआ है। कांग्रेस के शासनकाल में गरीब को सुविधाओं के लिए सरकार के पास चक्कर लगाने पड़ते थे। अब भाजपा की सरकार गरीब के पास जाकर सुविधाएं दे रही है। हमारे देश में दशकों से सिंचाई के जो प्रोजेक्ट्स लटके थे उसे भी तेजी से पूरे कर रहे हैं। इस साल बजट में केंद्र सरकार ने अपर भद्रा परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। इससे कर्नाटक के बड़े हिस्से में सिंचाई से जुड़ी परेशानियों का समाधान होने वाला है।

इंफ्रास्ट्रक्चर अपने साथ सिर्फ सुविधा नहीं लाता, ये रोजगार लाता है, निवेश लाता है, कमाई के साधन लाता है। बीते वर्षों में सिर्फ कर्नाटक में ही हमने 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हाई-वे से जुड़े प्रोजेक्ट्स में पूंजी निवेश किया है। उन्होने कहा कि हमने तय किया कि गन्ने से बनने वाले इथेनॉल का उत्पादन बढ़ाएंगे। यानि गन्ने की ज्यादा पैदावार होने पर उससे इथेनॉल बनाया जाएगा, इथेनॉल से किसान की आय सुनिश्चित की जाएगी। किसानों की छोटी छोटी समस्या दूर करके भी भाजपा उनकी समस्या का समाधान कर रही है। मांड्या के भी ढ़ाई लाख से ज्यादा किसानों के खातों में पैसे भेजे गए हैं। 

Tags:    

Similar News