होर्डिंग्स कर रहीं इशारा, अमर पर सपा मुखिया मुलायम तो शिवपाल भी नरम

Update: 2016-02-08 15:39 GMT

लखनऊ: सैफई महोत्सव में अमर सिंह की मौजूदगी को लेकर सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खान ने कहा था कि आंधी तूफान में कूड़ा करकट भी चला आता है। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को भी अमर सिंह फूटी आंख नहीं सुहाते हैं, लेकिन इन सबके बावजूद सपा परिवार का हाथ अमर सिंह के साथ दिख रहा है। लगातार हो रहा घटनाक्रम इसकी पुष्टि भी कर रहा है।

होर्डिंग बयां कर रहीं हैं सारे अफसाने

कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के जन्मदिन की लगी होर्डिंगों में मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव, सीएम अखिलेश यादव और अमर सिंह की फोटो लगी हुई हैं। ये होर्डिंग्स इशारा कर रही हैं कि सपा का हाथ एक बार फिर अमर सिंह के साथ है। ये होर्डिंग भी पांच कालिदास स्थित मुख्यमंत्री आवास से चंद कदम दूरी पर लगी हुई है। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता भी अमर सिंह की पार्टी में वापसी तय मान रहे हैं।

अमर पर सपा मुखिया 'मुलायम' तो शिवपाल भी नरम

बीते दिनों जब अमर सिंह की पार्टी वापसी की अटकलों के बीच सपा मुखिया ने कहा था कि अमर सिंह दल में नहीं हैं, पर दिल में हैं। सीएम अखिलेश यादव ने भी मुलायम की बात को सही ठहराकर इस बात को पुख्ता किया था। इसके बाद शिवपाल के एक बयान से तस्वीर और साफ हो गयी थी। उन्होंने कहा था कि सपा के दरवाजे कभी किसी के लिए बंद नहीं होते। अब शिवपाल के जन्मदिन को लेकर लगी होर्डिंग में अमर की तस्वीर बताती है कि अमर को लेकर सपा परिवार का रुख कितना नरम है।

अक्सर साथ देखे जाते रहे हैं अमर

सपा सरकार के कार्यक्रमों में अमर सिंह अक्सर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और सीएम अखिलेश यादव के साथ देखे जाते रहे हैं। हाल ही में राजभवन में लोकायुक्त संजय मिश्रा के शपथ ग्रहण के दौरान भी अमर सिंह मौजूद थे। इसके अलावा सपा मुखिया के जनमदिन पर भी अमर सिंह नजर आए थे। राजधानी में जब सपा का स्थापना दिवस मनाया जा रहा था तब उस कार्यक्रम में अचानक पहुंचकर अमर सिंह ने सियासी गलियारों में सनसनी फैला दी थी।

Tags:    

Similar News