कासगंज हिंसा: SP सुनील सिंह पर गिरी गाज, पीयूष श्रीवास्तव को मिली कमान

Update: 2018-01-29 10:15 GMT
कासगंज हिंसा: SP सुनील सिंह पर गिरी गाज, पीयूष श्रीवास्तव को मिली कमान

कासगंज/लखनऊ: कासगंज हिंसा की गाज वहां तैनात एसपी सुनील कुमार सिंह पर गिरी है। सुनील सिंह पर हिंसा भड़कने के बाद काफी देर से पहुंचने का आरोप है। उनकी जगह पीयूष श्रीवास्तव को कासगंज का नया एसपी नियुक्त किया गया है। सुनील कुमार सिंह को एसपी पीटीएस, मेरठ भेजा गया है।

बता दें, कि गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा के दौरान भड़की हिंसा फिलवक्त जरूर थम गई है लेकिन लोगों में नाराजगी अब भी बनी हुई है। सोमवार (29 जनवरी) को मृतक चंदन गुप्ता के परिजनों को राज्य सरकार की तरफ से 20 लाख रुपए मुआवजे का चेक सौंपा गया।

सोमवार को कासगंज के डीएम आरपी सिंह सहित आला अधिकारी मृतक चंदन के परिजनों को मुआवजे का चेक देने पहुंचे। शुरुआत में मृतक के परिजनों ने चेक लेने से इंकार किया, लेकिन फिर मान गए और चेक स्वीकार कर लिया। कासगंज के डीएम आरपी सिंह ने newstrack.com के संवाददाता से उनके चेक स्वीकार करने की पुष्टि की। हालांकि, कुछ समाचार माध्यम द्वारा परिजनों के मुआवजा चेक ठुकराने की बात कही जा रही है।

बता दें, कि हिंसा के बाद सोमवार को कासगंज के हालात सामान्य हैं। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। बावजूद इसके अब भी तनाव बना हुआ है। योगी सरकार ने हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता के परिवार वालों को 20 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया था, जिसे आज उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

ज्ञात हो, कि अब तक हिंसा फैलाने मामले में 112 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 7 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, हिंसा में मारे गए चंदन पर हमले का मुख्य आरोपी अब भी फरार है। इलाके पर ड्रोन कैमरों की मदद से नजर रखी जा रही है।

Tags:    

Similar News