Health : हर महिला अपने खाने में शामिल करें ये चीजें

Update: 2018-02-17 07:17 GMT

नई दिल्ली : महिलाओं और पुरुषों में न सिर्फ शरीर की बनावट का अंतर होता है बल्कि उनकी शारीरिक जरूरतों में भी फर्क होता है। एक महिला के शरीर में समय-समय पर हार्मोन संबंधी कई बदलाव होते हैं। ऐसे में कुछ पोषक महिलाओं के शरीर के लिए जरूरी होते हैं :

कैल्शियम - ज्यादातर महिलाओं को कमजोरी की वजह से हड्डियों में दर्द की समस्या होती है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है परेशानी बढ़ती जाती है इसलिए मजबूत हड्डियों के लिए कैल्शियम बहुत जरूरी है। महिलाओं को अपनी डाइट में कैल्शियम शामिल करना चाहिए और इसके लिए दूध, पनीर, दही, छाछ आदि का सेवन करें।

यह भी पढ़ें : TPS: सुबह की बची हुई दाल से ऐसे बना सकते हैं टेस्टी लजीज पराठा

आयरन - आयरन की कमी से एनीमिया हो सकता है। आयरन से कोशिकाओं को ऑक्सीजन मिलता है और अगर ये न हो तो आप थकावट महसूस करती हैं। आयरन के लिए आपको अपने खाने में चिकन, पालक, बीन्स, सभी तरह की हरी सब्जियों को शामिल करना चाहिए।

विटामिन डी - शरीर में विटामिन डी न होने पर आपके शरीर का कैल्शियम बेकार चला जाता है। विटामिन डी शरीर में कैल्शियम एब्जॉर्ब करने में मदद करता है। विडामिन डी के लिए आपको अपनी डाइट में मछलियां और संतरे के जूस को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा धूप का सेवन करना चाहिए।

फोलिक एसिड - प्रेग्नेंट महिलाओं को फोलिक एसिड की बहुत ज्यादा जरूरत होती है। इसकी कमी के कारण न्यूरल ट्यूब को नुकसान पहुंचता है जिससे दिमाग पर असर पड़ता है। यह सबसे ज्यादा हरी पत्तेदार सब्जियों , जूस, बीन्स और काजू में पाया जाता है।

प्रोटीन - मजबूत हड्डियों और मांसपेशियों के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है। प्रोटीन कीटाणुओं को खत्म करने और मेटाबॉलिज्म को भी कंट्रोल करने में मदद करता है। यह सबसे ज्यादा चिकन और लाल मांस, मछली, काजू और बादाम में पाए जाते हैं। एक महिला को हर रोज करीब 45 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है।

फाइबर - फाइबर न सिर्फ ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है, बल्कि पाचन के लिए भी बेहद जरूरी होता है। इसकी वजह से पेट की कई बीमारियां नहीं होतीं। फाइबर को भरपूर मात्रा में लेने के लिए डाइट में फल, सब्जियां, साबुत अनाज, बाजरा, काजू और बादाम को शामिल करें।

विटामिन सी - अच्छी त्वचा के लिए भरपूर मात्रा में विटामिन सी लेना चाहिए। हफ्ते में कम से कम तीन बार संतरे का जूस पिए, लाल मिर्च, फूलगोभी, सभी खट्टे फलों का सेवन करें।

ओमेगा - दिल की बीमारी के रिस्क को कम करने के लिए ओमेगा -3 फैटी एसिड मददगार साबित होता है। अपनी डाइट में इसे जरूर शामिल करें। इसके लिए मछलियों के अलावा अखरोट, अलसी के बीजों का सेवन भी किया जा सकता है।

Tags:    

Similar News