सावधान! गैस सिलेंडर को फटने से बचाने के लिए उठाएं ये जरूरी कदम, नहीं होगा नुकसान
Gas Cylinder Safety: मुंबई के धारावी इलाके में गैस सिलेंडर फटने जैसी स्थिति आपके घर में न हो इसलिए हर किसी को किचन में कुछ सावधानी बरतनी जरूरी है। आइए इसके बारे में जानते हैं।;
Gas Cylinder Safety Tips
Gas Cylinder Safety: मुंबई के धारावी इलाके में बीते रविवार यानी 23 मार्च को गैस सिलेंडर से भरे एक ट्रक में आग लग गई। जिसके बाद कुल 13 सिलेंडर फट गए। ऐसी स्थिति आपके घर में न हो इसलिए सावधानी बरतनी बेहद जरूरी है। आइए आज जानते हैं कि घर में सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय किन चीजों का ध्यान रखना चाहिए और अगर ऐसी स्थिति आती है तो बचाव के लिए सबसे पहले क्या करना चाहिए।
सिलेंडर के इस्तेमाल के समय इन चीजों का रखें खास ध्यान
1. गैस सिलेंडर को सीधे धूप में रखने से बचें क्योंकि गर्मी के कारण इसमें प्रेशर बढ़ता है, जिससे गैस का दबाव बढ़ जाता है और सिलेंडर के फटने के आसार बढ़ जाते हैं। यही वजह है कि गैस सिलेंडर को हमेशा ठंडी जगह पर रखना चाहिए।
2. सिलेंडर को फटने से बचाने के लिए इसे आग के संपर्क से दूर रखें। इसके अलावा सिलेंडर के आसपास माचिस, लाइटर और स्टोव जैसी चीजों को रखने से भी बचें।
3. खाना बनाते समय कभी-कभी गैस लीकेज जैसी दिक्कत भी हो जाती है। ऐसे मौके पर तुरंत गैस एजेंसी को जानकारी दें और ध्यान रखें कि इस दौरान घर में किसी भी तरह की आग न जलाए।
4. अपने घर के सिलेंडर की एक्सपायरी डेट चेक करना बिल्कुल ना भूलें। साथ ही समय-समय पर गैस सिलेंडर की जांच करना भी जरूरी है।
5. महिलाओं को यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि खाना पकाने के बाद वह सिलेंडर के रेगुलेटर को अच्छे से बंद कर दें। ताकि किसी भी तरह की समस्या न हो।
गैस सिलेंडर फटने का संकेत मिलने पर क्या करें?
1. अगर आपको सिलेंडर फटने का आभास होता है तो तुरंत उस जगह को खाली कर दें। इसके अलावा शोर मचाकर अपने आसपास के इलाके को भी खाली करवाएं।
2. किसी भी बड़ी हताहत को टालने के लिए तुरंत मदद के लिए कॉल करें। इसके लिए आप फायर डिपार्टमेंट या गैस एजेंसी को कॉल कर सकते हैं।
3. अपने घर में वापस तभी जाएं जब गैस एजेंसी के कर्मचारी जगह को पूरी तरह से सुरक्षित न बता दें।
4. अगर किसी वजह से घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लग जाती है तो इसे बुझाने के लिए एक गीले कपड़े का इस्तेमाल करें और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाएं।