होली: खोया में मिलाई जा रही इन चीजों के बारें में जानकर चौंक जायेंगे

Update: 2020-03-03 11:33 GMT

कन्नौज: होली का त्यौहार आते ही सबके घरों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं। इस 9 मार्च को होली है जिसे लेकर गुझिया और मनपसंद मिठाईयां बनाने के लिए बाजार से खोया खरीदने की तैयारी लोगों ने शुरू कर दी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जो खोया आप लेकर आ रहे हैं दूध से ही बना है या उसमें आलू व शकरकंद की भी मिलावट है। त्योहारों पर शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले खाद्य पदार्थों का गोरखधंधा भी बढ़ जाता है।

खोया के भरोसे कहीं आलू व शकरकंद तो नहीं खा रहे आप-

त्यौहार नजदीक आते ही बाजार में मिलावटखोरी का धंधा तेजी से फल फूलने लगा है। हर बार लोग असली और नकली के खेल में पिसते हैं। असली खाद्य सामग्री के पैसे लेकर मिलावटी और नकली सामान थमा दिया जाता है। त्योहार कोई भी हो शहरवासियों की सेहत मिलावटखोरों के निशाने पर हैं। अधिकारी छापामार कार्यवाही कर औपचारिकता पूरी करते रहते हैं, लेकिन मिलावट का सामान पकड़ा नहीं जा रहा है। यही कारण है कि बाजार में इन दिनों नकली दूध, पनीर, खोया, देशी घी आदि की भरमार है।

इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मिलावट को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के इंतजाम नाकाफी है। पिछले दो साल में कोतवाली क्षेत्र में तीन से चार बार नकली घी, दूध, सरसों का तेल आदि में मिलावटी पकड़ी गई थी। पनीर, मावे और दूध के कई बार नमूने लिए गए। जिसमें से अधिकांश फेल हो गए थे। पर्व नजदीक आते ही खोया की मंडी शहर भर में जगह-जगह सजने लगी है। मिलावटी खोया की बिक्री 200 रुपए प्रतिकिलो के करीब की जा रही है। जबकि जिले में दूध का उत्पादन इतनी मात्रा में नहीं होता है कि जिससे लोगों को त्योहार पर पर्याप्त मात्रा में खोया मिल सके।

200-250 रुपए में कैसे मिल सकता शुद्ध खोया?

खोया इन दिनों 200 रुपए से लेकर 250 रुपए तक बिक रहा है। एक किलो खोया बनाने के लिए चार से पांच लीटर दूध की जरूरत होती है। वर्तमान समय में पांच लीटर दूध की कीमत करीब 250 रुपए होगी। ईंधन और खर्च जोड़कर एक किलो खोया बनाने में करीब 300 रुपए तक का खर्च बैठता है। ऐसे में ग्राहकों को 200-250 रुपए में शुद्ध खोया कैसे मिल सकता है।

मिलावट खोर खोया में इस तरह आलू का इस्तेमाल करते है कि आम आदमी इसको नहीं पहचान सकता है। आलू को उबालने के बाद उसे पीस कर अधपके दूध में मिला दिया जाता है। इसके बाद खोया तैयार किया जाता है।

Tags:    

Similar News