Lok Sabha Election 2024: अमित शाह, सिंधिया समेत सात केंद्रीय मंत्रियों का भाग्य भी आज ईवीएम में होगा कैद
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 11 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 93 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सात केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है।;
Amit Shah, Mansukh Mandaviya, Jyotiraditya Scindia (photo: social media )
Lok Sabha Election 2024: 2024 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज यानी मंगलवार को 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 93 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सूरत सीट पर भाजपा उम्मीदवार मुकेशभाई दलाल निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस चरण में केंद्र सरकार के सात मंत्रियों की किस्मत भी आज ईवीएम में कैद हो जाएगी। इन मंत्रियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आदि शामिल हैं।
आइये जानते हैं इस चरण में चुनाव लड़ रहे मंत्रियों की सीटों के बारे में?
अमित शाह
सबसे पहले बात अमित शाह से शुरू करते हैं। अमित शाह केंद्र की मोदी सरकार में गृह मंत्री हैं। वे गुजरात की गांधीनगर सीट से एक बार फिर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अमित शाह 2019 का लोकसभा चुनाव यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस की सोनल पटेल से है। सोनल गुजरात महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी हैं। 2019 में गांधीनगर सीट पर 69.3 मतदान हुआ था।
ज्योतिरादित्य सिंधिया
मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट इस बार भी चर्चा में है। यहां इस बार भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में हैं। नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री सिंधिया वर्तमान में मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। वहीं कांग्रेस ने सिंधिया के सामने राव यादवेंद्र सिंह यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा के डॉ. केपी यादव ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया था। उस चुनाव में यहां 73 प्रतिशत मतदान हुआ था।
प्रह्लाद जोशी
जिन सात मंत्रियों की किस्मत तीसरे चरण में दांव पर है उनमें प्रह्लाद जोशी भी हैं। केंद्रीय कोयला एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी कर्नाटक की धारवाड़ सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। यहां कांग्रेस ने पार्टी के युवा नेता विनोद आसुती को मैदान में उतारा है। प्रह्लाद जोशी 2019 में यहां से जीतकर संसद पहुंचे थे। पिछले चुनाव में धारवाड़ सीट पर 72.1 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी।
Lok sabha Election 2024: PM Modi ने डाला वोट, बोले-आज का दिन तय करेगा देश का भविष्य
मनसुख मांडविया
मोदी सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया महात्मा गांधी की जन्मस्थली पोरबंदर से भाजपा के उम्मीदवार हैं। मांडविया अभी तक गुजरात से राज्यसभा के सांसद थे। इस चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के ललितभाई वसोया से है। 2019 का लोकसभा चुनाव रमेशभाई लवजीभाई धाडुक भाजपा के टिकट पर जीता था। पिछले चुनाव में पोरबंदर सीट पर 58.9 प्रतिशत मतदान हुआ था।
नारायण राणे
इस बार महाराष्ट्र की रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग सीट पर भी लड़ाई काफी रोचक है। यहां से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को उतारा है। इससे पहले राणे महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद थे। वह कोंकण के कुडाल विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक भी रह चुके हैं। इस चुनाव में उनका मुकाबला शिवसेना (उद्धव गुट) के दो बार के सांसद विनायक राउत से है। 2019 लोकसभा चुनाव में रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग सीट पर शिवसेना के विनायक राउत ने जीत हासिल की थी। उस चुनाव में यहां 65.6 प्रतिशत मतदान हुआ था।
श्रीपद येस्सो नाइक
तीसरे चरण में केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग और पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येस्सो नाइक की किस्मत भी दांव पर है। नाइक भाजपा के टिकट पर उत्तर गोवा से चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस ने रमाकांत खलप से है। पूर्व लोकसभा सदस्य खलप गोवा के उप-मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में उत्तर गोवा सीट से श्रीपद येस्सो नाइक को जीत मिली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां 79.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।