Gorakhpur News: भाजपा के दिग्गजों की जीत की राह रोकने के लिए सभी दलों ने नये चेहरों को चुना

Gorakhpur News: सपा-कांग्रेस या बसपा के टिकट पर जो चेहरे पुराने भी हैं, वे दल बदल कर फ्रेश चेहरे के साथ जनता के बीच वोट मांग रहे हैं।

Update: 2024-04-30 04:22 GMT

Gorakhpur Lok Sabha Election 2024 (photo: social media )

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रभाव वाले गोरखपुर-बस्ती मंडल की नौ लोकसभा सीटों पर भाजपा ने पुराने दिग्गजों पर ही भरोसा जताया है। सिर्फ देवरिया में भाजपा ने डॉ.रमापति राम त्रिपाठी का टिकट काटकर युवा चेहरे शशांक मणि त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। वहीं विपक्ष ने पुराने दिग्गजों की जीत का राह रोकने के लिए नये चेहरों पर भरोसा जताया है। सपा-कांग्रेस या बसपा के टिकट पर जो चेहरे पुराने भी हैं, वे दल बदल कर फ्रेश चेहरे के साथ जनता के बीच वोट मांग रहे हैं।

गोरखपुर में भाजपा के रवि किशन शुक्ला के मुकाबले सपा ने पहली बार काजल निषाद को मैदान में उतारा है। हालांकि काजल कैम्पियरगंज से विधानसभा और गोरखपुर में महापौर का चुनाव लड़ चुकी हैं। वहीं बसपा जावेद सिमनानी के रूप में नया चेहरा मैदान में उतारा है। बांसगांव में जीत की हैट्रिक लगा चुके कमलेश पासवान के मुकाबले कांग्रेस के प्रत्याशी सदल प्रसाद का चेहरा पुराना है, लेकिन वह पहली बार कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 में सदल सपा-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार थे। यहां से बसपा ने बीआरएस लेकर राजनीति में कूदे डॉ.रामसमुझ को मैदान में उतारा है। महराजगंज में भाजपा के पुराने दिग्गज पंकज चौधरी को अपने पारम्परिक सीट पर नये चेहरों से लड़ना है। कांग्रेस ने यहां फरेंदा से विधायक वीरेन्द्र चौधरी को तो बसपा ने मौसमे आलम के रूप में नया चेहरा मैदान में उतारा है। देवरिया और कुशीनगर में बसपा अभी तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं कर सकी है। कुशीनगर में भाजपा ने एक बार विजय दूबे पर दांव लगाया है तो सपा ने पूर्व भाजपा विधायक जनमेजय सिंह के पुत्र अजय कुमार पिंटू पर दांव खेला है। वहीं देवरिया में भाजपा के नये चेहरे शशांक मणि तिवारी पर दांव लगाया है। उनका मुकाबला कांग्रेस के पुराने दिग्गज अखिलेश सिंह से हैं। अखिलेश सिंह रुद्रपुर से विधायक रह चुके हैं लेकिन सांसद का चुनाव देवरिया से पहली बार लड़ रहे हैं। रुद्रपुर बांसगांव लोकसभा की विधानसभा सीट है।

संतकबीर नगर में बसपा ने बदला चेहरा

संतकबीर नगर में भाजपा के प्रवीण निषाद के मुकाबले सपा ने पप्पू निषाद को उतारा है। बसपा ने मोहम्मद आलम की जगह अब यहां से सैयद दानिश अशरफ को प्रत्याशी बनाया है। सलेमपुर लोकसभा में भाजपा ने एक बार फिर रवीन्द्र कुशवाहा पर दांव लगाया है। वहीं बसपा ने उनके मुकाबले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर को उतारा है। सपा ने यहां से पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर राजभर को मैदान में उतारा है। वह इस सीट से बसपा के टिकट पर 2009 में सांसद चुने जा चुके हैं। बस्ती जिले में भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के मुकाबले राम प्रसाद चौधरी 2019 में बसपा के टिकट पर मैदान में थे। इस बार पाला बदलकर वह सपा की साइकिल पर सवार हैं। बसपा ने यहां नये चेहरे के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे दयाशंकर मिश्र को मैदान में उतारा है। डुमरियागंज में भाजपा के जगदम्बिका पाल के सामने सपा से मुकाबले में खड़े भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी दो बार संतकबीरनगर से सांसद रह चुके हैं। लेकिन वह पहली बार सपा के टिकट पर डुमरियागंज में दांव आजमा रहे हैं। बसपा ने यहां से ख्वाजा शम्ससुद्दीन को मैदान में उतारा है।

Tags:    

Similar News