Lok Sabha Election 2024: 5वें चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों पर 57.35% वोटिंग, 2019 के मुकाबले 5.21 प्रतिशत की कमी

Lok Sabha Election 2024 Fifth Phase: लोकसभा चुनाव के 5वें चरण के तहत 8 राज्यों की 49 सीटों पर वोटिंग समाप्त हो गई है। इस फेज में कुल 57.35 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार 5.21% की कमी दर्ज की गई है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-20 14:33 GMT

Lok Sabha Election 2024 Fifth Phase: लोकसभा चुनाव में पांचवें चरण के तहत आज देश के 8 राज्यों की 49 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया। पांचवें चरण में कुल 57.35% मतदान हुआ। 2019 के चुनाव के मुकाबले इस बार पांचवें फेज की वोटिंग में करीब 5.21 % की कमी दर्ज की गई है। 2019 के चुनाव में पांचवें चरण के तहत 62.56% वोटिंग हुई थी। 8 राज्यों में सबसे अधिक 73% वोटिंग पश्चिम बंगाल में हुई। वहीं सबसे कम 48.88 प्रतिशत मतदान महाराष्ट्रा में हुआ। आज यानी 20 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 49 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। पांचवें चरण की वोटिंग के साथ ही अब 428 सीटों पर वोटिंग की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल हुई थी, जिसमें 66.14 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 66.71 फीसदी मतदान हुआ। वहीं तीसरे चरण में 65.68% वोटिंग हुई थी। वहीं चौथे चरण के मतदान में कुल 69.16 प्रतिशत वोटिंग हुई। 

कहां कितना मतदान?

राज्य सीटें वोटिंग प्रतिशत (2024)

बिहार 

52.55%

जम्मू-कश्मीर

 1 

54.21%

झारखंड 

63.00%

लद्दाख 

67.15 %

महाराष्ट्र

 13 

48.88 %

ओडिशा

 5 

60.72%

उत्तर प्रदेश 

14 

57.33%

पश्चिम बंगाल 

73.00 %

यूपी में कुल 57.33% वोटिंग

लोकसभा चुनाव के पांचवें फेज में आज उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 57.33% मतदान हुआ। इन सीटों में मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की इन 14 सीटों पर आज जनता ने कुल 144 उम्मीदवारों की किस्मत को ईवीएम की पेंटी में बंद कर दिया। उत्तर प्रदेश में पांचवें चरण का चुनाव इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि इस फेज में कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और मोदी कैबिनेट में मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ लोकसभा सीट से दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। रायबरेली सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव मैदान में हैं। अमेठी से बीजेपी की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी। बिहार के सारण सीट से लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य राजद की टिकट से चुनावी मैदान में हैं। रोहिणी आचार्य का मुकाबला बीजेपी के दिग्गज नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी से है। 2019 के लोकसभा चुनाव में की बात करें तो बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 14 सीटों में से 13 सीटों पर कब्जा जमाया था। रायबरेली की एक सीट विपक्षी पार्टी के खाते में गई थी।

5वें चरण में इन दिग्गजों की साख दांव पर

1. चिराग पासवान

लोक जनशक्ति पार्टी (र) के प्रमुख चिराग पासवान बिहार के हाजीपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। पिछले चुनाव यानी 2019 के आम चुनाव में चिराग पासवान ने अविभाजित लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर जमुई सीट से सांसद चुने गए थे। वहीं 2019 में चिराग के पिता रामविलास पासवान की परंपरागत सीट हाजीपुर से उनके चाचा पशुपति पारस संसद पहुंचे थे। एलजेपी के दो धड़ों में बंटने के बाद चिराग हाजीपुर सीट पर लगातार दावा कर रहे थे। एनडीए गठबंधन की सीट शेयरिंग में हाजीपुर की सीट चिराग पासवान को दी गई।

2. साध्वी निरंजन ज्योति

केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति बीजेपी की टिकट पर उत्तर प्रदेश की फतेहपुर सीट से जीत की हैट्रिक लगाने को तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। साध्वी के सामने समाजवादी पार्टी ने नरेश उत्तम पटेल को टिकट दिया है। वहीं बसपा ने इस सीट से मनीष कुमार सचान पर दांव लगाया है।

3. करण भूषण सिंह / बृजभूषण शरण सिंह

2009 से 2019 तक बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज सीट से लगातार संसद पहुंचते रहे। इस बार भाजपा ने उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को जिम्मेदारी सौंपते हुए चुनावी मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।

4. पीयूष गोयल

बीजेपी ने इस बार मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें, पीयूष गोयल राज्यसभा में नेता सदन भी हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष के सामने कांग्रेस ने भूषण पाटिल को उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतारा है। बसपा ने रईस डॉक्टर को टिकट दिया है। मुंबई उत्तर सीट पर कुल 19 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें सात निर्दलीय हैं।

राहुल गांधी

2019 के चुनाव में रायबरेली सीट पर कांग्रेस की टिकट से सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इस बार कांग्रेस ने रायबरेली से पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है। हालांकि, वह केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। रायबरेली में राहुल का मुकाबला बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह से है। 2019 में भी सोनिया गांधी के खिलाफ भी बीजेपी की तरफ से दिनेश प्रताफ सिंह ही उम्मीदवार थे।

स्मृति ईरानी

2019 में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से संसद पहुंची थी। स्मृति ने तब कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की थी। बीजेपी ने इस बार भी स्मृति ईरानी को अमेठी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने इस बार बदलाव करते हुए गैर गांधी उम्मीदवार उतारा है। कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया है। बता दें, किशोरी लाल सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र प्रतिनिधि हुआ करते थे।

रोहिणी आचार्य

लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी इस लिस्ट में शामिल हैं। बिहार की सारण लोकसभा सीट इस बार काफी चर्चे में है क्योंकि इस सीट से लालू यादव की बेटी पहली बार चुनावी मैदान में हैं। कुछ महीने पहले रोहिणी ने अपने पिता लालू यादव को किडनी दान की थी, जिसके बाद वह सूर्खियों में रहीं। आरजेडी ने रोहिणी को लालू की कर्मभूमि रहे सारण से चुनावी मैदान में उतारा है। सारण सीट से 2009 में लालू यादव जीते थे जबकि 2014 में राबड़ी देवी को यहां हार मिली थी।

उमर अब्दुल्ला


जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बारामूला लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। जम्मू कश्मीर से धारा 370 समाप्त होने व राज्य पुनर्गठन के बाद हो रहे इस पहले लोकसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर उमर चुनावी मैदान में हैं। उमर अब्दुल्ला का मुकाबला पैंथर पार्टी के पीरजादा मुदासिर रशीद शाह और पीडीपी के मीर मोहम्मद फयाज से है। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस से सज्जाद गनी लोन उम्मीदवार हैं।

Tags:    

Similar News