Priyanka Gandhi MP Visit: प्रियंका के निशाने पर ज्योतिरादित्य, सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में होगी कांग्रेस की चुनावी सभा

Priyanka Gandhi MP Visit: प्रियंका गांधी आज एक बार फिर मध्यप्रदेश के दौरे पर पहुंच रही हैं। इस बार प्रियंका के निशाने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे जिनसे कांग्रेस अपना पुराना हिसाब चुकाना चाहती है।

Update: 2023-07-21 04:14 GMT
Priyanka Gandhi MP Visit (photo: social media )

Priyanka Gandhi MP Visit: मध्यप्रदेश में 2024 की सियासी जंग से पहले प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों ने सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी राज्य में कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय हो गई हैं। 12 जून को जबलपुर का दौरा करने के बाद प्रियंका गांधी आज एक बार फिर मध्यप्रदेश के दौरे पर पहुंच रही हैं। इस बार प्रियंका के निशाने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे जिनसे कांग्रेस अपना पुराना हिसाब चुकाना चाहती है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका आज ज्योतिरादित्य के गृह क्षेत्र ग्वालियर में एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पिछले कई दिनों से इस सभा को कामयाब बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रैली की तैयारियों के लिए ग्वालियर में डेरा डाल रखा है। माना जा रहा है कि चुनावी जनसभा के दौरान प्रियंका गांधी भाजपा के साथ ही मुख्य रूप से ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधेंगी।

सिंधिया ने दिया था कांग्रेस को बड़ा जख्म

ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों के दलबदल के कारण ही मध्य प्रदेश भाजपा की सरकार बनाने में कामयाबी मिली थी। कांग्रेस आज तक उस जख्म को नहीं भूल सकी है और यही कारण है कि प्रियंका आज ज्योतिरादित्य के गढ़ माने जाने वाले ग्वालियर पहुंचेंगी। ग्वालियर पहुंचने के बाद प्रियंका सबसे पहले रानी लक्ष्मीबाई स्मारक पहुंचेंगी और वहां श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद वे मेला मैदान पर पहुंचकर कांग्रेस की चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस नेताओं ने इस सभा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पिछले 40 दिनों में प्रियंका गांधी का यह मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे 12 जून को जबलपुर पहुंची थीं। जबलपुर की सभा में प्रियंका गांधी ने प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस के आने पर पांच योजनाओं को लागू करने का ऐलान किया था। इन योजनाओं में राज्य की महिलाओं को 15 सो रुपए प्रतिमाह देने, 100 यूनिट मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन को बहाल करने का मुद्दा शामिल है।

सिंधिया के प्रति कांग्रेस में भारी नाराजगी

जबलपुर की चुनावी सभा के दौरान प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी निशाना साधा था। अब वे सिंधिया के गढ़ में चुनावी सभा करने जा रही हैं और माना जा रहा है कि इस दौरान प्रियंका के निशाने पर मुख्य रूप से ज्योतिरादित्य सिंधिया ही होंगे। मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने लंबे समय से ज्योतिरादित्य के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

दरअसल ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगुवाई में कई विधायकों के भाजपा का दामन थाम लेने के बाद 2020 में मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिर गई थी। कांग्रेस नेताओं में उसी समय से सिंधिया और उनके वफादार विधायकों के खिलाफ काफी नाराजगी है। कांग्रेस नेता समय-समय पर सिंधिया के खिलाफ हमला बोलते रहे हैं और आज प्रियंका भी सिंधिया के खिलाफ मोर्चा खोलेंगी।

विपक्षी दलों की बैठक के बाद प्रियंका का दौरा

हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में चुनावी जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं और पार्टी ने मध्यप्रदेश में बड़े सियासी उलटफेर के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत अन्य पार्टी नेताओं का मानना है कि इस बार मध्य प्रदेश में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन हासिल होगा।

देश के 26 राजनीतिक दलों की ओर से इंडिया नाम से विपक्ष का मोर्चा बनाए जाने के बाद प्रियंका गांधी आज पहली बार मध्यप्रदेश के दौरे पर पहुंच रही हैं। 2024 के सियासी रण में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को हराने के लिए कांग्रेस नेताओं ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है।

ग्वालियर संभाग की सियासी स्थिति

मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग में ग्वालियर के अलावा अशोकनगर, दतिया, शिवपुरी और गुना जिले शामिल हैं। इन 5 जिलों में विधानसभा की 21 सीटें हैं और इन क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच हमेशा कड़ा मुकाबला होता रहा है। ग्वालियर संभाग को ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता रहा है और इसी कारण ग्वालियर में प्रियंका के चुनावी सभा का कार्यक्रम रखा गया है।

सिंधिया के कारण ही 2020 में भाजपा मध्यप्रदेश में बड़ा सियासी खेल करने में कामयाब हुई थी। सिंधिया की अगुवाई में पार्टी के कई विधायकों ने 2020 में सामूहिक इस्तीफा दे दिया था इसके बाद राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए गए थे जिसमें भाजपा अपनी ताकत दिखाने में कामयाब रही थी।

2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को ग्वालियर संभाग की 16 सीटों पर जीत हासिल हुई थी मगर उपचुनाव के दौरान भाजपा ने अपनी ताकत दिखाई थी। उपचुनाव के दौरान भाजपा ने 6 सीटें जीतकर कांग्रेस को बैकफुट पर धकेल दिया था मौजूदा समय में ग्वालियर संभाग की 11 सीटें भाजपा और 10 सीटर कांग्रेस के पास हैं।

मध्य प्रदेश चुनाव में होगा कड़ा मुकाबला

मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव में इस बार सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। यही कारण है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों सियासी दलों ने विधानसभा चुनाव जीतने के लिए अभी से ही पूरी ताकत लगा दी है। इसी सिलसिले में प्रियंका गांधी का ग्वालियर में चुनावी सभा का कार्यक्रम तय किया गया है। चुनाव पूर्व किए गए कई सर्वे में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़े मुकाबले की बात कही गई है।

अब प्रियंका गांधी के दौरे का कार्यक्रम निश्चित करके कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की योजना बनाई है। मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को सजा होने के बाद उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी। ऐसे में प्रियंका गांधी को सियासी रूप से ज्यादा महत्व दिया जाने लगा है। प्रियंका के ग्वालियर दौरे पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं और माना जा रहा है कि इस दौरान प्रियंका ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तीखे हमले कर सकती हैं।

Tags:    

Similar News