Rewa News: संयुक्त किसान मोर्चा ने की बृजभूषण मामले में सरकार से रुख साफ करने की मांग

Rewa News: संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक शिव सिंह ने कहा कि कानून का राज कायम करना सरकार का दायित्व होता है। आरोपी चाहे जो भी हो, सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।

Update: 2023-05-04 15:33 GMT
(Pic: Newstrack)

Rewa News: भाजपा नेता व कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित महिला कुश्ती खिलाड़ी दिल्ली में धरना दे रही हैं। इस मामले में मध्य प्रदेश के रीवा में भी बयानबाजी का दौर चल रहा है। यहां संयुक्त किसान मोर्चा ने इस मामले में सरकार से अपना रुख साफ करने की मांग की है।

किसान मोर्चा संयोजक ने कहा- बृजभूषण को सरकार का संरक्षण

मामले को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक शिव सिंह ने कहा कि कानून का राज कायम करना सरकार का दायित्व होता है। आरोपी चाहे जो भी हो, सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने हैरत जताई कि केंद्र सरकार की तरफ से किसी ने एक शब्द भी पीड़ित महिला कुश्ती खिलाड़ियों के पक्ष में नहीं बोला है। पीड़ितों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तब जाकर आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई। पूरे देश से बृजभूषण की गिरफ्तारी की आवाजें उठने के बाद भी आज तक बृजभूषण को गिरफ्तार नहीं किया गया। ऐसे में बेटियों के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री की चुप्पी यह बता रही है कि सरकार का सांसद को खुला संरक्षण प्राप्त है। यदि विपक्षी दलों से संबंधित कोई अपराधी होता तो तबाही का मंजर मीडिया की प्रमुख खबर होती। एनकाउंटर भी होता, बुलडोजर भी चलता।

उन्होंने कहा कि पीड़ित कुश्ती खिलाड़ियों का आंदोलन तोड़ने की धमकी दी जा रही है। उनके ऊपर लाठियां बरसाई जा रही हैं। जो लोग समर्थन में जाते हैं उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सवाल उठाया कि रात-दिन मंचों पर बहन-बेटियों के हक अधिकार की बात करते हैं। लेकिन इस मामले पर वो चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें भी अपना रूख साफ करना चाहिए। ताकि मध्य प्रदेश की जनता को पता चल सके कि वास्तव में शिवराज सिंह चौहान महिला वर्ग के हितैशी हैं या सरकार सिर्फ ऐसा दावा ही पेश करती नजर आती है।

Tags:    

Similar News