Maharashtra Accident: महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और कंटेनर में भिड़ंत, 12 लोगों की मौत

Maharashtra Accident: घायलों को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

Update: 2023-10-15 03:36 GMT

सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Maharashtra Accident: मछत्रपति संभाजीनगर. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। यहां समृद्धि एक्सप्रेस वे पर एक मिनी बस और कंटेनर की बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 12 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। घायलों को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब साढ़े 12 बजे के आसपास वैजापुर इलाके में हुआ।

कंटेनर को मिनी बस ने मारी टक्कर

पुलिस ने बताया कि मिनी बस में सवार लोग तीर्थयात्रा से आ रहे थे। वे बुलढ़ाणा से छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) होते हुए नासिक जा रहे थे। बस की रफ्तार अधिक होने की वजह से ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकरायी। मिनी बस ने पीछे से कंटेनर में टक्कर मारी। इस दुर्घटना में बस के परखच्चे उड़ गए। अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पूरा इलाका बस के अंदर फंसे लोगों की चीखों से गूंज उठा।

देर रात हुए इस हादसे की जानकारी लोकल लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पुलिस टीम एंबुलेंस को लेकर पहुंची। बस में फंसे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। बस में कुल 35 लोग सफर कर रहे थे। जिनमें से 12 की मौत हो चुकी थी। मृतकों में पांच पुरूष, छह महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

सभी शवों को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। शवों की शिनाख्त कर परिजनों को भी सूचित किया जा चुका है। इस हादसे में बाकी बचे 23 लोग घायल हैं। जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में एडमिट कराया गया है।  

Tags:    

Similar News