हथिनी ने जन्मदिन पर काटा 50 किलोग्राम का केक

Update:2018-10-16 17:23 IST

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से आज एक ऐसी खबर सामने आई है। जो पशुओं से प्रेम करने वालों लोगों के लिए नजीर बन सकती है। यहां पशु प्रेमियों ने मिलकर न केवल अपनी हथिनी का धूमधाम से जन्मदिन मनाया, बल्कि उसके जन्मदिन पर उसे तलवार थमाकर उसी से 50 किलोग्राम का केक कटवाया और आपस में मिठाईयां बांटकर खुशियां भी मनाई। इस मौके पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी सहित कई पशुप्रेमी उपस्थित थे।

ये है पूरा मामला

समस्तीपुर के मथुरापुर निवासी महेंद्र प्रधान पशु-पक्षियों के प्रेमी है। वे छोटी उम्र से ही जानवरों को पालते आ रहे है। उनके पशुशाला में गाय, बैल, हाथी, घोड़े, ऊंट सहित कई जानवर और पक्षी रखे गये हैं।

प्रधान ने रविवार शाम अपनी आठ वर्षीय हथिनी रानी का आठवां जन्मदिन धूमधाम और भव्य तरीके से साथ मनाया। रानी ने भी अपने जन्मदिन पर अपनी सूढ़ में तलवार पकड़कर 50 किलोग्राम का केक काटा। इस मौके पर गाजे-बाजे, ऊंट और घोड़े बुलाए गए थे।

इस अनोखे पशु प्रेम को देखने के लिए बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के साथ सैकड़ों स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग मौजूद थे। इस समारोह में भाग लेने वाले भी रानी के लिए जन्मदिन के उपहार लेकर पहुंचे थे।

इस जन्मदिन समारोह में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में लोग अपने परिजनों तक का जन्मदिन मनाना भूल जाते हैं, लेकिन प्रधान जी ने अपनी हथिनी का जन्मदिन मनाकर यह साबित कर दिया कि वह पशुओं से कितना प्रेम करते हैं।

इस मौके पर बड़ी संख्या में आसपास के स्कूली बच्चों को भी समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। प्रशिक्षित हथिनी रानी के केक काटने के बाद बच्चों ने भी उसके साथ जमकर मस्ती की। इस अवसर पर भोज का भी आयोजन किया गया।

प्रधान ने आईएएनएस को बताया है कि वर्ष 2011 में माला नामक एक हथिनी उपहार स्वरूप उन्हें मिली थी, और वह गर्भवती थी। कुछ महीनों बाद उसने एक हथिनी को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने रानी रखा। रानी के जन्म के छह महीने बाद ही उसकी मां की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि रानी को उन्होंने अपने बच्चों की तरह पाला है। उनका कहना है कि इसे बचपन में चार गायों के दूध पिलाया जाता था।

प्रधान द्वारा किसी हथिनी के जन्मदिन पर इस तरह के समारोह के आयोजन की हर ओर चर्चा है, तथा इस अनोखे समारोह में शामिल लोगों ने प्रधान के इस पशु प्रेम की सराहना की है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें...बिजनौर के अमानगढ़ वन रेंज में हाथी का शव मिलने हड़कंप, बॉडी पर गोली का निशान

Tags:    

Similar News