बीजेपी विधायक के विवादित बोल- राहुल गांधी का हो नार्को टेस्‍ट

Update: 2018-06-30 14:39 GMT

बलिया: भाजपा के चर्चित विधायक सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को विपक्षी दलों पर तीखे हमले करते हुए कहा है कि सेना पर सवाल खड़ा करने वालों का नार्को टेस्ट होना चाहिए। अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने आज कहा कि सेना के पुरुषार्थ पर सवाल खड़ा करने वाले नेताओं का नार्को टेस्ट होना चाहिये ताकि यह प्रमाणित हो सके कि उनकी भावना पाकिस्तानी, इटली या विदेशी है।

दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना

विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे नेता भारत माता के सच्चे सपूत नही हैं तथा इनकी निष्ठा व राष्ट्रभक्ति दुर्बल है। उन्होंने इसके साथ ही जोड़ा कि सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले राष्ट्र भक्त नहीं हैं। इन नेताओं को सवाल खड़ा करने से पहले अपनी राष्ट्रभक्ति का सबूत देना चाहिये। उन्होंने एक सवाल के जबाब में कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में एक तरफ देश के लिये अपने परिवार को न्यौछावर करने वाले होंगे तो दूसरी तरफ परिवार के विकास के लिये देश को बेचने वाले होंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर प्रहार करते हुए बेतुका बयान दिया कि जो व्यक्ति 75 वर्ष की उम्र में 25 वर्षीया युवती से विवाह करेगा, वह क्या बोलेगा। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि दिग्विजय का व्यक्तिगत चरित्र दुर्बल है तथा उनके अंदर व्यक्तिगत संस्कार का अभाव है।

Similar News