UP Nikay Chunav: ‘शेर भूखा रह जाए, मगर कभी कुत्तों का शिकार नहीं करता’ बाहुबली विधायक राजा भैया का विरोधियों पर निशाना

UP Nikay Chunav 2023: जनसत्ता दल ने इस बार निकाय चुनाव में तीन प्रत्याशी उतारे हैं। कुंडा में उषा त्रिपाठी, हीरागंज में निर्मला देवी और डेरवा में कुंवर बहादुर पटेल पार्टी के सिंबल पर चुनाव मैदान में हैं।

Update:2023-05-03 18:36 IST
UP Nikay Chunav (सोशल मीडिया)

UP Nikay Chunav 2023: प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी इन दिनों निकाय चुनाव को लेकर जोर शोर से प्रचार कर रहे हैं। 2019 में बनी उनकी नई पार्टी जनसत्ता दल भी इस पर चुनाव मैदान में है। उषा त्रिपाठी कुंडा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जनसत्ता दल की उम्मीदवार हैं। अपने प्रत्याशी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजा भैया विरोधियों पर जमकर बरसे।

कुंडा विधायक ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शेर भूखा रह जाए, लेकिन कभी कुत्तों का शिकार नहीं करता है। सोमवार देर शाम बजरंग बहादुर इंटर कॉलेज में आयोजित रैली में बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुंडा में किसी भी दल की हिम्मत नहीं हुई जनसभा करने की। उन्होंने कहा कि पार्टी आपकी है और इसे जितवाना भी आपको है।

बाहुबली विधायक सभी को संबोधित करने के दौरान पूरे रंग में दिखे। उन्होंने कहा कि शेर कभी शिकार करना छोड़ता नहीं है और दूसरी बात ये कि शेर कभी कुत्ते का शिकार नहीं करता। राजा भैया के इस बयान को सपा नेता गुलशन यादव पर निशाने के तौर पर लिया जा रहा है। जो कभी उनके बेहद करीबी हुआ करते थे।

कुंडा में किनके बीच है मुकाबला ?

कुंडा में इस बार निकाय चुनाव को विधानसभा चुनाव की तरह ही बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। स्थानीय विधायक राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल पहली बार चुनाव मैदान में उतरी है। उसकी ओर से उषा त्रिपाठी को नगर पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, समाजावदी पार्टी ने गुलशन यादव की पत्नी और निर्वतमान नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा यादव को टिकट दिया है। सीमा यादव अब तक राजा भैया के समर्थन से जीतती रही हैं। लेकिन इसबार उन्हें हराने के लिए कुंडा विधायक ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने के लिए सत्तारूढ़ बीजेपी ने डॉ सुमन शाहू को मैदान में उतारा है।

जनसत्ता दल के निकाय चुनाव में तीन प्रत्याशी

नई नवेली पार्टी जनसत्ता दल ने इस बार निकाय चुनाव में तीन प्रत्याशी उतारे हैं। कुंडा में उषा त्रिपाठी, हीरागंज में निर्मला देवी और डेरवा में कुंवर बहादुर पटेल पार्टी के सिंबल पर चुनाव मैदान में हैं। बात करें विधानसभा की तो जनसत्ता दल के पास दो विधायक और एक एमएलसी है।

2022 में गुलशन यादव ने दी थी कड़ी टक्कर

राजा भैया को साल 2022 के विधानसभा चुनाव में गुलशन यादव से कड़ी टक्कर मिली थी। गुलशन कभी कुंडा विधायक के खासमखास रहे थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ा था। राजा भैया उन्हें हराकर लगातार सातवीं बार चुनाव तो जरूर जीते लेकिन अंतर मार्जिन काफी कम हो गया था। 2017 में करीब 90 हजार की मार्जिन से जीतने वाले राजा भैया ने इस बार 1 लाख से अधिक वोटों से जीतने का दावा किया था। लेकिन वे महज 25-30 हजार वोटों के अंतर से ही जीत सके थे।
तभी से उनके और गुलशन यादव के बीच इलाके में सियासी वर्चस्व को लेकर जोर आजमाइश चल रही है। सपा नेता गुलशन यादव ने निकाय चुनाव में राजा भैया पर अपने बाहुबल का इस्तेमाल कर लोगों को डराने - धमकाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News