Punjab Election 2022: 93 साल की उम्र में भी चुनाव लड़ने का जज्बा, फिर अपने गढ़ में किस्मत आजमाएंगे 'प्रकाश सिंह बादल'

Punjab Election 2022: पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल की उम्र 93 साल हो चुकी है मगर अब भी उनके भीतर चुनाव लड़ने का जज्बा बरकरार है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-01-27 10:45 GMT

प्रकाश सिंह बादल (फोटो-सोशल मीडिया)

Punjab Election 2022: अकाली दल ने आखिरकार पंजाब के चर्चित विधानसभा क्षेत्र लंबी को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल इस चुनाव क्षेत्र से छठवीं बार किस्मत आजमाने के लिए उतरेंगे। पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल की उम्र 93 साल हो चुकी है मगर अब भी उनके भीतर चुनाव लड़ने का जज्बा बरकरार है। पंजाब के लंबी विधानसभा क्षेत्र को बादल का गढ़ माना जाता रहा है क्योंकि वे पांच बार यहां से विधायक चुने जा चुके हैं।

2017 के विधानसभा चुनाव में तो उन्होंने इस सीट से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी आसानी से हरा दिया था। अकाली दल ने इस सीट के बारे में सबसे आखिर में अपना पत्ता खोला है जिसके मुताबिक बादल एक बार फिर इसी चुनाव क्षेत्र के सियासी अखाड़े में कूदेंगे।

अकाली दल ने आखिर में खोला पत्ता

पंजाब की सियासत में अकाली दल का लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन रहा है मगर इस बार पार्टी बदले हुए सियासी हालात में चुनाव मैदान में उतर रही है। किसान आंदोलन को लेकर भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद पार्टी इस बार बसपा के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरी है।

लंबी विधानसभा क्षेत्र को लेकर अकाली नेता सुखबीर बादल से काफी दिनों से सवाल पूछे जा रहे थे मगर वे लगातार सवालों को टालने में लगे हुए थे। मंगलवार को भी सुखबीर बादल से इस बाबत सवाल पूछा गया था तो उनका कहना था कि पार्टी उम्मीदवार का 27 तारीख के बाद पता लग जाएगा।

अमृतसर ईस्ट सीट से पूर्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया को चुनाव मैदान में उतारने के ऐलान के बाद पार्टी की ओर से लंबी से प्रकाश सिंह बादल के चुनाव लड़ने की घोषणा की गई है। अमृतसर ईस्ट सीट पर मजीठिया का मुकाबला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जैन नवजोत सिंह सिद्धू के साथ होगा। वही लंबी सीट पर प्रकाश सिंह बादल लगातार छठवीं बार चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरेंगे।

पहले से ही सक्रिय बने हुए हैं बादल

वैसे अकाली दल की ओर से भले ही प्रकाश सिंह बादल के चुनाव लड़ने की घोषणा सबसे आखिर में की गई हो मगर भीतर ही भीतर बादल काफी दिनों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही वे अपने विधानसभा क्षेत्र का पूरा दौरा कर चुके हैं। इसी कारण उनके एक बार फिर चुनाव मैदान में लड़ने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं। वैसे 93 साल की उम्र हो जाने के कारण कुछ लोगों द्वारा उनके चुनाव लड़ने पर शंका भी जताई जा रही थी।

अस्वस्थ होने के बाद उन्हें हाल में अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। दो दिन पहले ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली है। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी बादल अपने क्षेत्र के इन नेताओं के साथ लगातार संपर्क में बने हुए थे। माना जा रहा है कि स्वस्थ होने के बाद अब वे पूरी तरह चुनाव प्रचार में जुटेंगे।

पिछले चुनाव में कैप्टन को हराया

लंबी विधानसभा क्षेत्र को प्रकाश सिंह बादल का गढ़ माना जाता रहा है। उन्होंने 1997 में पहली बार इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। इसके बाद वे 2002, 2007, 2012 और 2017 में भी इसी सीट से विधायक चुने जाते रहे। लंबी से पहले बादल गिदडबाहा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते थे और उस सीट से भी उन्होंने कई बार कामयाबी हासिल की। 2017 के विधानसभा चुनाव में लंबी सीट पर बड़ा रोचक मुकाबला हुआ था क्योंकि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस सीट से पर्चा दाखिल कर दिया था।

2017 के चुनाव में लंबी विधानसभा सीट सबसे हॉट सीट बन गई थी। इस सीट पर आखिरकार प्रकाश सिंह बादल एक बार फिर अपनी विजय पताका फहराने में कामयाब हुए थे। 2017 की जंग में प्रकाश सिंह बादल ने 22,670 मतों से जीत हासिल की थी। प्रकाश सिंह बादल 66,375 मत हासिल करने में कामयाब हुए थे जबकि कैप्टन को 43,605 मत मिले थे। प्रकाश सिंह बादल के चुनाव मैदान में उतरने से एक बार फिर सबकी निगाहें लंबी विधानसभा क्षेत्रों पर टिक गई हैं।

Punjab Election 2022, Punjab, Punjab politics, Amarinder Singh, Captain Amarinder Singh, Lambi assembly constituency , Parkash Singh Badal, Akali Dal , latest punjab news, assembly election 2022

Tags:    

Similar News