शिअद को झटका, जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां ने थामा 'आप' का दामन, केजरीवाल ने किया स्वागत

आम आदमी पार्टी के संयोजक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शिरोमणि अकाली दल के नेता जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई।

Newstrack :  Network
Published By :  Deepak Kumar
Update: 2021-08-26 13:21 GMT

आप में शामिल हुए शिरोमणि अकाली दल के नेता जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां।(Social Media)

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत अभी से गरम होने लग पड़ी है। इसमें देखने को आ रहा है कि कई नेता पार्टी को छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे है। वहीं, आज आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को गुरदासपुर के दौरे पर पहुंचे। अरविंद केजरीवाल ने शिरोमणि अकाली दल के नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई।

गुरुवार को अरविंद केजरीवाल बटाला के गांव सेखवां पहुंचे और वहां पहुंच कर बीमार जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां का हालचाल जाना। आपको बता दें कि जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन की सरकार के समय पंजाब के शिक्षा मंत्री और अकाली दल डेमोक्रेटिक के फाउंडर मेंबर भी रहे हैं।

2022 के चुनाव को लेकर किया था विचार-विमर्श

इससे पहले माह की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा में पंजाब के नेताओं की बुलाई बैठक में अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की खुशहाली और किसान आंदोलन की मजबूती के बारे में पंजाब के विधायकों के साथ विचार विमर्श किया था। 3 घंटे चली बैठक में पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान, नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा सहित सभी पार्टी विधायक मौजूद रहे थे। पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार इस मैराथन बैठक में केजरीवाल ने जहां 2022 के चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया था, वहीं किसान आंदोलन की मजबूती के लिए विस्तार में सुझाव मांगे थे। 

उन्होंने सभी विधायकों को कहा था कि पार्टी के झंडे और एजेंडे को एक तरफ रखकर किसानों के आंदोलन को हर स्तर पर सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि आज देश का अन्नदाता अपनी जमीन और अस्तित्व की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर है, परंतु केंद्र सरकार अपनी जिद नहीं छोड़ रही, जो निंदनीय है। 

जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां का पार्टी में स्वागत: केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां का पार्टी में स्वागत है। वो हमारे बुजुर्ग हैं और इन्होंने पंजाब के विकास के लिए बहुत कुछ किया है। केजरीवाल ने कहा कि वो आज हमें आशीर्वाद देकर हमारे परिवार में शामिल हुए हैं। आप संयोजक ने कहा कि हमारा मिशन है, ऐसा पंजाब बनाएं जहां अमन, सुख-शांति और विकास हो।

बैठक में 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पंजाब को माफिया राज से हमेशा के लिए मुक्त करवाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों और समूची लीडरशिप को सलाह दी कि वह अपनी सकारात्मक लकीर लंबी खींचने पर ध्यान केंद्रित करें। घर-घर पहुंच कर लोगों को बताएं कि आप कौन से विकास की मुख्य नीतियों के बलबूते गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे पंजाब और पंजाबियों को संकट से बाहर निकाल सकती है और पंजाब को फिर से खुशहाल पंजाब कैसे बना सकती है।

केजरीवाल ने कांग्रेस पर हमला बोला

इस दौरान केजरीवाल ने नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार की कश्मीर को लेकर विवादित टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस की खिंचाई करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने कश्मीर पर कांग्रेस नेताओं के बयान सुने। इस तरह के बयान सही नहीं है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत एक है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर आप के पंजाब प्रधान भगवंत मान, विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा, राघव चड्ढा, कुंवर विजय प्रताप सिंह और पंजाब के इंचार्ज जरनैल सिंह मौजूद थे।

Tags:    

Similar News