Rajasthan Election 2023: योगी ने कांग्रेस को बताया समस्याओं की जड़, कहा-उनकी सरकार होती तो कोरोना वैक्सीन को भी ब्लैक कर देते

Rajasthan Election 2023: उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राजस्थान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की केंद्र में सरकार होती तो ये लोग कोरोना वैक्सीन को भी ब्लैक कर देते।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-11-20 12:09 GMT

Rajasthan Election 2023: उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राजस्थान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को देश में सारी समस्याओं की जड़ बताते हुए कहा कि कांग्रेस समस्या तो भाजपा समाधान है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की केंद्र में सरकार होती तो ये लोग कोरोना वैक्सीन को भी ब्लैक कर देते।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है और यूपी में बुलडोजर चलता है तो माफियाओं को कोई ठौर ठिकाना नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में सत्ता के संरक्षण में विविध क्षेत्रों में माफियाओं का राज चल रहा है। इस राज को खत्म करने के लिए भाजपा को सत्ता में लाना जरूरी है।

कांग्रेस ने राम और कृष्ण के अस्तित्व को नकारा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज आमेर में भाजपा प्रत्याशी और विधानसभा में उपनेता सतीश पूनिया के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। योगी ने अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राम और कृष्ण के अस्तित्व को नकारा है। भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े करने वालों के अस्तित्व को नकारने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आपके लिए बहुत बड़ा हथियार है और ऐसे लोगों को सबक सिखाना जरूरी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं राजस्थान के लोगों को बताने आया हूं कि भाजपा आप सभी की भावनाओं के अनुरूप ही कार्य कर रही है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। करीब 500 साल बाद भगवान रामलला भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होगा।

ये भी पढ़ें: Kerala News: केरल सरकार की राज्यपाल के खिलाफ याचिका पर शीर्ष अदालत ने मांगा जवाब, केंद्र को भेजा नोटिस

कांग्रेस समस्याएं पैदा करने वाली पार्टी

मुख्यमंत्री ने देश की विभिन्न समस्याओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस को सभी समस्याओं की जड़ बताया। उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद को पैदा करने वाली पार्टी कांग्रेस ही है। पीएम मोदी की अगुवाई में भाजपा सरकार ने धारा 370 को खत्म करके आतंकवाद की समस्या पर काफी हद तक काबू पा लिया है। नक्सलवाद की समस्या भी कांग्रेस ने ही पैदा की है और मोदी सरकार इस समस्या का समाधान भी जल्द ही करने वाली है।

कांग्रेस ने देश में अलगाववाद पैदा करने के साथ ही विकास के रास्ते में रोड़े अटकने का काम किया है। अब देश के विभिन्न जिलों में ढेर सारी योजनाओं के जरिए विकास के कामों में तेजी लाई गई है। कांग्रेस समस्याओं को पैदा करने वाली पार्टी है जबकि भाजपा उन समस्याओं का समाधान खोजती है।

कोरोना वैक्सीन तक ब्लैक कर देते

सीएम योगी ने कहा कि आज अमेरिका और चीन समय दुनिया के तमाम देशों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं मगर पीएम मोदी की अगुवाई में भारतीय वैज्ञानिकों ने ऐसी वैक्सीन बनाई कि भारत में कोरोना को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। मोदी सरकार ने पूरी दुनिया को कोरोना पर काबू पाने में मदद की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार होती तो यह वैक्सीन ही नहीं बन पाती और यदि हमारे वैज्ञानिक शोध करके वैक्सीन बनाने में कामयाब भी होते तो कांग्रेस सरकार इस वैक्सीन को भी ब्लैक कर देती।

ये भी पढ़ें: Uttarkashi Tunnel Accident: रेस्क्यू ऑपरेशन का 9वां दिन, पीएम मोदी ने सीएम से की बात, पहुंची DRDO टीम, अब मजदूरों को बचाएंगे रोबोट

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का भी प्रमुखता से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर चलाया जा रहा है और माफिया राज पूरी तरह खत्म हो गया है। राजस्थान के विविध क्षेत्र में अभी भी माफिया राज चल रहा है और इस राज को खत्म करने के लिए डबल इंजन की सरकार की जरूरत है। राजस्थान में भाजपा की सरकार बनी तो निश्चित रूप से ऐसे तत्वों पर लगाम लगाने में कामयाबी मिलेगी।

Tags:    

Similar News