नौसेना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने की नौसेना की तारीफ, कही दिल छू लेने वाली बात

भारतीय नौसेना दिवस, भारतीय नौसेना दिवस 2022

Written By :  Bodhayan Sharma
Update: 2022-12-04 07:00 GMT

Navy Day 2022 : आज भारतीय नौसेना दिवस मनाया जा रहा है। इसे ऑपरेशन ट्राइडेंट की याद में मनाया जाता है। 1971 में पाकिस्तान के साथ हुई लड़ाई में भारतीय नौसेना ने 4 दिसंबर को ऑपरेशन ट्राइडेंट की शुरुआत की थी। 4 और 5 दिसंबर की रात को ऑपरेशन ट्राइडेंट को अंजाम दिया गया था। भारतीय नौसेना ने कराची में पाकिस्तान नौसेना मुख्यालय पर हमला किया था। इस दौरान पाकिस्तान की नौसेना को भारी नुकसान पहुंचा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौसेना दिवस पर नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया, "सभी नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं। हम भारतवासियों को अपने समृद्ध समुद्री इतिहास पर गर्व है। भारतीय नौसेना ने दृढ़ता से हमारे देश की रक्षा की है।"

इसके साथ ही पीएम ने 39 सेकंड का वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में नौसेना की ताकत को दिखाया गया है। वीडियो में नरेंद्र मोदी ने कहा, "स्वतंत्रता के बाद हमारी भारतीय नौसेना ने विभिन्न अवसरों पर अपना पराक्रम दिखाया है। चाहे वह गोवा का मुक्ति संग्राम हो या 1971 का भारत- पाकिस्तान युद्ध हो। जब हम नौसेना की बात करते हैं तो उसमें युद्ध ही नजर आता है, लेकिन भारत की नौसेना मानवता के काम में भी उतनी ही बढ़-चढ़कर आगे आती है। मैं नौसेना के जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं।"

ईस्ट इंडिया कंपनी ने 1612 में भारतीय नौसेना की स्थापना की थी। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान, पाकिस्तान ने 3 दिसंबर को भारतीय हवाई अड्डों पर हमला किया था। इसके जवाब में भारतीय नौसेना ने कराची में पाकिस्तान नौसेना के हेडक्वार्टर पर हमला किया था। इसके लिए तीन मिसाइल बोट (आईएनएस वीर, आईएनएस निपत और आईएनएस निर्घाट) का इस्तेमाल किया गया था। भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन ट्राइडेंट के दौरान पाकिस्तानी नौसेना के तीन जहाजों को डूबो दिया था।

Tags:    

Similar News