Neeraj Chopra: पेरिस में न सही...कहीं और जरूर सुनाई देगा राष्ट्रगान, सिल्वर बॉय नीरज ने भरी अगले गोल्ड की हुंकार

Neeraj Chopra: बता दें कि नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो उनके दूसरे प्रयास में आया, लेकिन लगातार चार फाउल होने से वह गोल्ड से दूर हो गए।

Report :  Viren Singh
Update: 2024-08-09 03:36 GMT

Neeraj Chopra: भारत को गोल्ड मेडल की सबसे बड़ी उम्मीद गत ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा से थी, जो कि सिल्वर मेडल के रूप में बदली। पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा (Javelin Throw) में 89.45 के सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता है, जबकि इसी स्पर्धा का गोल्ड पाकिस्तान के साथ गया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड न जीतने पाने की निराशा नीरज चोपड़ा को जरूर थी, लेकिन उन्होंने पेरिस से ही अगले ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का लक्ष्य साध लिया है।

हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है, अशरद का दिन था

गोल्ड मेडल नहीं मिलने पर नीरज चोपड़ा ने कहा, शायद आज वो दिन नहीं था जब राष्ट्रगान नहीं बजवा पाए, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं होता आगे फिर मौका मिलेगा और फिर से हमारा राष्ट्रगान बजेगा, पेरिस में ना सही तो कहीं और सही। हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है, आज अरशद का दिन था, इसलिए वह स्वर्ण पदक जीता। जब भी हम देश के लिए पदक जीतते हैं तो हम सभी खुश होते हैं। अब खेल को बेहतर बनाने का समय आ गया है। हम बैठकर चर्चा करेंगे और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाएंगे।

आ गया समय कुछ चीजों पर ध्यान देने का

चोपड़ा ने कहा कि प्रतियोगिता कठिन थी और हर एथलीट का अपना दिन होता है। आज अरशद का दिन था। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन कुछ चीजों पर ध्यान देने और काम करने की जरूरत है। उन्होंने भारत की भविष्य की ओलंपिक संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा, भारत ने (पेरिस ओलंपिक में) अच्छा खेला। आज हमारा राष्ट्रगान भले ही न बजाया गया हो, लेकिन भविष्य में इसे सुना जाएगा। आज 90 मीटर का थ्रो निकले सवाल पर नीरज ने कहा कि आज निकलनी थी लेकिन... वो कहां निकलेगी ये नहीं पता..जब अरशद ने थ्रो किया तो यकीन था कि करेंगे।

टक्कर तो चलती रहेगी

उन्होंने कहा कि मैं ये बताना चाहूंगा कि स्पोर्ट्स है अप-डाउन है। काफी टाइम से अपना दिन रहा है हमेशा जीते हैं, विश्वास रहा है और उस पर खरा भी उतरा हूं। आज शायद अपना दिन नहीं था। इसे स्वीकार करके हम आगे की तैयारी करेंगे। ये टक्कर तो चलती रहेगी।

गोल्ड के साथ अरशद नदीम ने रचा इतिहास

बता दें कि नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो उनके दूसरे प्रयास में आया, लेकिन लगातार चार फाउल होने से वह गोल्ड से दूर हो गए। इसके साथ चोपड़ा स्वतंत्रता के बाद एक व्यक्तिगत स्पर्धा में दोओलंपिक पदक जीतने वाले दूसरे पुरुष एथलीट बन गए। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता है और एक नया ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया। नदीम ने बीजिंग 2008 से डेनमार्क के एंड्रियास थोरकिल्डसन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

पीटर्स ने जीता कास्य पदक

इस प्रतियोगिता में ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया। इससे पहले चोपड़ा ने ग्रुप बी क्वालिफिकेशन राउंड में 89.34 मीटर का थ्रो हासिल किया था, जो उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ ऑल-टाइम थ्रो था।

Tags:    

Similar News