PU में जल्द पढ़ाते दिखेंगे पूर्व PM मनमोहन सिंह, वीसी बोले- हमें है बेसब्री से इंतजार

Update: 2016-11-23 11:21 GMT

नई दिल्ली: पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) के वीसी अरुण कुमार ग्रोवर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अरुण ग्रोवर का मानना है कि विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद उनके लिए महत्वपूर्ण होगा। ज्ञात हो कि एक दिन पहले ही संसदीय समिति ने पूर्व पीएम को शैक्षणिक कार्यकलाप की मंजूरी दी है।

विश्वविद्यालय के छात्र रह चुके हैं पूर्व पीएम

लाभ के पद मामले की संयुक्त समिति ने कहा कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह यदि पंजाब विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल होते हैं तो उनकी राज्यसभा की सदस्यता नहीं जाएगी। सिंह इस विश्वविद्यालय के छात्र रह चुके हैं और विश्वविद्यालय ने उन्हें यहां शिक्षक बनने की पेशकश की है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशक विनीत पुनिया ने भी इस बात की पुष्टि की है।

दौरे की प्रतीक्षा है

वीसी अरुण ग्रोवर ने कहा, 'पंजाब विश्वविद्यालय उनके दौरे की प्रतीक्षा कर रहा है। छात्रों और शिक्षकों से उनका संवाद पीयू में सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा।'

'लाभ का पद' पर फंस था पेंच

इस बारे में विनीत पुनिया ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय ने सिंह को चेयर प्रोफेसरशिप की पेशकश की थी। विश्वविद्यालय से जवाहरलाल नेहरू चेयर प्रोफेसरशिप की पेशकश पाने के तुरंत बाद सिंह ने जुलाई में राज्यसभा के सभापति से संपर्क कर परामर्श मांगा था कि क्या पद ग्रहण करने से 'लाभ का पद' धारण करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 102 (1) (ए) के तहत अयोग्यता का मामला बनता है।

Tags:    

Similar News