Aaj Ka Mausam: यूपी में दिन में धूप-तेज हवाएं, रात में ठंड, दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से प्रदेश में फिर होगी बरसात

Aaj Ka Mausam 09 March 2024: यूपी में तापमान बढ़ने के साथ लोगों के शरीर से स्वेटर-जैकेट उतरने लगे हैं। होली तक प्रदेश में अच्छी गर्मी पड़ने लगेगी।

Written By :  aman
Update: 2024-03-09 01:30 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Aaj Ka Mausam 09 March 2024 : उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अब तेज धूप निकलने लगा है, जिससे ठंड बेहद कम रह गई है। मौसम साफ है। सुबह से खिली धूप निकल रही है। हालांकि, इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में एक बार फिर पहाड़ी राज्यों और उत्तर भारत के मैदानी भाग में बारिश की संभावना जाहिर की है।

मौसम विभाग ने अपने अनुमान में बताया है कि, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 11-14 मार्च और मैदानी इलाकों में 12 से 14 मार्च के बीच बरसात होगी। वहीं, पश्चिमी यूपी के जिलों में 13 और 14 मार्च को वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

दो पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से बदलेगा मौसम का 'मिजाज'

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक देने वाला है। पहला, WD 10 मार्च की रात और दूसरा 12 मार्च की रात दस्तक देगा। इस वजह से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी। वहीं, यूपी से सटे उत्तराखंड में 11 से 14 मार्च के बीच बरसात होने वाली है। मैदानी इलाकों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मार्च को बारिश होने वाली है।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ की बात करें तो दिन में तेज पछुआ हवाओं का असर है। इसी कारण खिली धूप होने के बाद भी अभी सताने वाली गर्मी महसूस नहीं हो रही। नवाबी शहर का मौसम सुहाना है। धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि हो रही है मगर लोगों को किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। बारिश थमने के बाद शहर का पारा ऊपर गया है। शनिवार (09 मार्च) को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 13 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में 24 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से पछुआ हवाएं चलेंगी। आसमान साफ रहने के कारण रात में ओस गिरेगी। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास होता है। कुल मिलाकर कहें तो सर्दी अभी पूरी तरह गई नहीं है।

होली तक प्रदेश में पड़ेगी अच्छी गर्मी

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो दानिश के अनुसार, 'यूपी में अब गर्मी ने दस्तक दे दी है। मौसम पूरी तरह से साफ हो गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि होगी। फिलहाल न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। किसी-किसी जिले में 15 डिग्री सेल्सियस तक भी न्यूनतम तापमान पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में सिर्फ बढ़ोतरी ही होगी।' विभाग के बताया कि, होली तक प्रदेश में अच्छी गर्मी पड़ने लगेगी। 

Tags:    

Similar News