Aaj ka Mausam 29 May 2024 : उफ्फ... ये गर्मी, 140 सालों में भी नहीं गया इतना तापमान, जानिए कब मिलेगी राहत?

Aaj ka Mausam 29 May 2024 : उत्तर भारत पूरी तरह से भीषण गर्मी की चपेट में है, यहां सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभी अगले 48 घंटे तक गर्मी और परेशान कर सकती है। आलम ये है कि लोगों का दिन में घर से निकलना दूभर हो गया है।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-05-29 01:36 GMT

Aaj ka Mausam 29 May 2024 : उत्तर भारत पूरी तरह से भीषण गर्मी की चपेट में है, यहां सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभी अगले 48 घंटे तक गर्मी और परेशान कर सकती है। आलम ये है कि लोगों का दिन में घर से निकलना दूभर हो गया है। आमजन से लेकर पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आ रहे हैं। गर्मी ने कई रिकार्ड तोड़ दिए हैं। बीते दिन झांसी सबसे ज्यादा गर्म रहा, यहां का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, इतना तापमान बीते 140 सालों भी नहीं गया। हालांकि राहत की बात ये है कि मौसम विभाग ने बताया कि 30 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, सूरज की तपिश से अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। यहां आज यानी 29 मई को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है। सूबे के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों क्षेत्रों में भीषण हीटवेव जारी रहेगी। इसके लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट भी जारी किया है।

मई में अब तक का सबसे गर्म रहा दिन

बीते दिन यानी मंगलवार को उत्तर प्रदेश मई में अब तक सबसे गर्म रहा है। गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सूबे के झांसी में पारा 49 डिग्री को पार कर गया है। आगरा में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री और वाराणसी में 47.6 डिग्री दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले ये तीनों ही शहर मई माह में इतने गर्म कभी नहीं रहे। वहीं हमीरपुर में दिन के पारे ने मई 2005 की बराबरी की और यहां पर अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पास झांसी का 1892 से और आगरा का 1884 से रिकार्ड उपलब्ध है। आंकड़ों के आधार कहा जा सकता है कि इन शहरों में लगभग 140 वर्षों में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी है, जितनी इस बार हो रही है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान

मौसम विभाग ने बताया कि ऊपरी क्षोभ मंडन में प्रति चक्रवात के सक्रिय होने से गर्म हवाएं प्रदेश को तपा रही हैं। इसके साथ ही बादल नहीं होने के कारण सूर्य की किरणें सीधी पड़ रही हैं, जिस वजह से गर्मी और बढ़ रही है। वहीं, अलनीनो का प्रभाव भी गर्मी को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार है। अलनीनों के कारण ही प्रति चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। हालांकि 30 मई को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने सूबे के मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी व आसपास भी लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रतापगढ़, चंदौली, फर्रूखाबाद, उन्नाव, रायबरेली, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज व आसपास के इलाकों में भी लू चल सकती है। 

Tags:    

Similar News