Aaj ka Mausam : यूपी में भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर, मौसम विभाग ने जताया बारिश का अनुमान

Aaj ka Mausam 30 May 2024 : उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच जल्द की मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 30 मई से लेकर 2 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों की चमक और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-05-30 01:36 GMT

सांकेतिक तस्वीर (Photo - Social Media)

Aaj ka Mausam 30 May 2024 : उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच जल्द की मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 30 मई से लेकर 2 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों की चमक और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 01 जून को बारिश होने का अनुमान है। सूबे में हीटवेव से एक जून तक राहत मिलने की संभावना है। पुरवा हवाओं के चलने के साथ तापमान में कुछ गिरावट भी देखने को मिलेगी।

मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। यहां आज यानी 30 मई का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है। बीते दिन यहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। सूबे के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों क्षेत्रों में भीषण हीटवेव जारी रहेगी। इसके लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट भी जारी किया है।

गर्मी ने तोड़े कई रिकॉर्ड

पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दोनों क्षेत्रों में बीते कई दिनों से हीटवेव एवं जारी गर्म रात्रि की स्थितियों ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए है। प्रयागराज, कानपुर, अमेठी और सुल्तानपुर ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए मई महीने का उच्चतम तापमान दर्ज किया है। इसी क्रम में अमेठी ने जहां अपने प्रेक्षण इतिहास का उच्चतम तापमान दर्ज किया। वहीं, प्रयागराज ने पिछले उच्चतम तापमान की बराबरी की है।

अगले 4 से 5 दिनों में तापमान में दिखेगी गिरावट

मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 4 से 5 दिनों के दौरान प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आने वाली आर्द्र पुरवा हवाओं की सक्रियता बढ़ने से बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं संभावित बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। बीते कई दिनों से जारी हीटवेव की परिस्थितयों में 30 मई से क्रमिक सुधार होने से फिलहाल 01 जून से प्रदेश को लू से निजात मिलने की सम्भावना है।

मौसम विभाग ने लू को लेकर जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने 30 मई को सूबे के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रवि दास नगर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र में भीषण उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना व्यक्त करते हुए अलर्ट रहने चेतावनी जारी की है।

वहीं, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर आजमगढ़, मऊ, बलिया, फर्रुखाबाद उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज एवं आस पास के क्षेत्र में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में बारिश का अनुमान 

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बादलों की चमक और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना हैं। यहां 30 मई से लेकर 02 जून तक ऐसे की मौसम रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 01 जून को बौछारें पड़ने की संभावना है।

Tags:    

Similar News