Agra Paras Hospital: आगरा का पारस अस्पताल सील, संचालक के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा

Agra Paras Hospital: आगरा के पारस हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों की मौत मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है।

Newstrack :  Network
Published By :  Dharmendra Singh
Update: 2021-06-08 10:37 GMT

Agra Paras Hospital: आगरा के पारस हॉस्पिटल (Paras Hospital) में कोरोना मरीजों की मौत मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया है। अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें ऑक्सीजन की कमी के मॉकड्रिल के दौरान 22 लोगों की जान चले जाने की बात कही जा रही है। अभी फिलहाल इस पूरे मामले की जांच हो रही है।

आगरा के जिलाधिकारी के आदेश के बाद पारस हॉस्पिटल (Paras Hospital) को सील किया गया है। अस्पताल को सील करने के अलावा संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पारस हॉस्पिटल के संचालक डॉ अरिंजय जैन हैं जिनके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होगी।
आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि अस्पताल पर महामारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इस समय 55 मरीज एडमिट हैं, जिन्हें सीएमओ की टीम दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराएगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि ऑक्सीजन की कमी से 22 मरीजों की मौत की खबर गलत है। ऑक्सीजन कमी से एक भी जान नहीं गई है। अस्पताल में हुई मौतों का सीएमओ की टीम ऑडिट कर रही है। उन्होंने बताया कथित वायरल वीडियो में मोदीनगर ड्राई हो गया है कहा जा रहा है। इससे जन सामान्य में भय फैला। यह कृत्य महामारी के समय ठीक नहीं है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पारस अस्पताल को 26 अप्रैल को 149 ऑक्सीजन सिलिंडर, 27 अप्रैल को 121 व 28 अप्रैल को 117 सिलिंडर दिए गए थे। इसके अलावा अस्पताल के पास 16 सिलिंडर रिजर्व में रखे थे। ऐसे में ऑक्सीजन कोई कमी नहीं थी। तो अस्पताल प्रबंधन ने बयान जारी किया है। अस्पताल की तरफ से कहा गया है कि ऑक्सीजन बंद करने का कोई मॉकड्रिल नहीं किया गया है। अस्पताल की तरफ से 26-27 अप्रैल को हुईं मौतों का ब्योरा भी जारी किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- चल रही जांच

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले को लेकर कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि पारस अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में समस्या की शिकायत मिली है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।



प्रियंका का सवाल- जिम्मेदार कौन

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि पीएम कहते हैं, मैंने ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी। सीएम कहते हैं कि ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं। कमी की अफवाह फैलाने वालों की संपत्ति जब्त होगी। मंत्री ने कहा कि मरीजों को जरूरत भर ऑक्सीजन दें। ज्यादा ऑक्सीजन न दें। आगरा अस्पताल: "ऑक्सीजन खत्म थी। 22 मरीजों की ऑक्सीजन बंद करके मॉकड्रिल की।" ज़िम्मेदार कौन?


तो वहीं राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा शासन में ऑक्सीजन व मानवता दोनों की भारी कमी है। इस ख़तरनाक अपराध के ज़िम्मेदार सभी लोगों के ख़िलाफ़ तुरंत कार्यवाही होनी चाहिए। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिवारजनों को मेरी संवेदनाए।

सिद्धार्थनाथ सिंह का राहुल को जवाब

यूपी सरकार में मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश है, हम कार्रवाई कर रहे हैं। राहुल गांधी को दूसरे विषयों पर ध्यान देना चाहिए। और राज्य भी हैं, जिसकी तरफ कांग्रेस नेता रुख करना चाहिए। यूपी अपना काम करना अच्छे से जानता है।

जानिए क्या है मामला

आगरा के पारस अस्पताल के मालिक डॉ. अरिंजय जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो डॉक्टर को यह कह रहे हैं 26 अप्रैल को अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया था। इसके कारण 5 मिनट के लिए ऑक्सीजन सप्लाई को बंद कर दिया जिसके वजह से 22 मरीजों की जान चली गई।







Tags:    

Similar News