Ballia News: अखिलेश यादव बोले, अडानी भाजपा के विटामिन ए हैं

Ballia News: अखिलेश यादव ने कहा कि परिणाम देख लीजिए कि एक उद्योगपति डूबा तो बैंक डूब जायेंगे। एलआईसी डूब जायेगी। बैंक व एलआईसी का पैसा वापस कौन लाएगा।

Update: 2023-02-09 16:29 GMT

Akhilesh Yadav attack on BJP (Social Media)

Ballia News: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव ने गुरुवार को बलिया जिला मुख्यालय व रसड़ा क्षेत्र के मुड़ेरा में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अडानी भाजपा के विटामिन ए हैं।

उन्होंने कहा विटामिन ए होने से भी नुकसान है। इसके कम होने से भी नुकसान है। उद्योग व उद्योगपति बढ़े , लेकिन किसी के साथ भेदभाव नही होना चाहिए। ऐसा नही कर सकते कि एक उद्योगपति बढ़े व दूसरा न बढ़े । हर एक के साथ सरकार का बराबरी की दृष्टि होनी चाहिए।

उद्योगपति के साथ भेदभाव नही होना चाहिए

अखिलेश यादव ने कहा कि परिणाम देख लीजिए कि एक उद्योगपति डूबा तो बैंक डूब जायेंगे। एल आई सी डूब जायेगी। बैंक व एल आई सी का पैसा वापस कौन लाएगा। उद्योग व उद्योगपति के साथ भेदभाव नही होना चाहिए। भाजपा केवल अडानी की मदद कर रही है।

सपा सभी धर्मों को मानने वाली है

उन्होंने इसके साथ ही कहा है कि अर्थव्यवस्था मजबूत होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में एक रिपोर्ट आई। उद्योगपति अडानी दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अब धड़ाम होकर 20 वें स्थान से भी बाहर पहुंच गए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया है कि सपा सभी भगवान को मानने वाली है। भगवान विष्णु से लेकर उनके सभी अवतार को हम मानते हैं। हम धार्मिक ग्रंथ व आस्था पर चलने वाले हैं। संविधान सबसे बड़ा धर्म है। हमारा लोकतंत्र बचे , यह सबसे जरूरी है।

सपा जातीय जनगणना कराने के पक्ष में

उन्होंने जोर देकर कहा कि वह जातीय जनगणना के पक्ष में हैं । उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की लड़ाई सबसे बड़ी है । यह लोकतंत्र व संविधान को बचाने की लड़ाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बचाव के लिए अपने दोनों उप मुख्यमंत्री को आगे कर दे रहे हैं।

स्वामी प्रसाद मौर्या के बयान से सहमत नहीं हूं-जियाउद्दीन

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के राम चरित मानस पर दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने कहा,''हम स्वामी प्रसाद मौर्य के विचारों से सहमत नहीं हैं। कोई भी वेद, पुराण व गीता पर अंगुली उठाना हमारे समझ से सही नहीं है। इससे समाज में आपस में तनाव पैदा करने के सिवाय कुछ है नही। यह सब बहुत पुरानी बाते हैं। सब खत्म हो गया है। सपा वर्ण व्यवस्था के खिलाफ नहीं रही। सपा ने धार्मिक उन्माद को कभी भी पैदा नही किया। सपा ने हमेशा सभी धर्मो का आदर किया है तथा सभी धर्मो को लेकर चली है।''

राहुल गांधी कभी-कभी अच्छी बात भी बोलते हैं-अखिलेश यादव

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए हालिया बयान पर राहुल गांधी के सुर में सुर मिलाते हुए कहा ' राहुल गांधी कभी कभी अच्छी बात भी बोलते हैं। उन्होंने प्रेक्टिकल बात बोला है। योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनने के बाद नफरत की खेती ही किया है। एक वर्ग विशेष को प्रताड़ित करने के लिए सारा कार्यक्रम कर रहे हैं।

भाजपा के मंच पर किसी समाजवादी को नहीं जाना चाहिए

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के मंच पर किसी समाजवादी को नही जाना चाहिए। विधायक ने गलत किया है। भदोही शहर से सपा विधायक बेग बुधवार को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की उपस्थिति में वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के दौरान उपस्थित थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तारीफ करते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों को एकजुट करने की बात करते थे।

Tags:    

Similar News