UP Politics: बरेली में दंगा साजिश के तहत...भाजपा सरकार दंगाइयों को दे रही शह, बोले-अखिलेश यादव

UP Politics: अखिलेश यादव ने कहा कि मणिपुर से लेकर हरियाणा तक सभी भाजपा शासित राज्य जल रहे हैं। बरेली में दंगा साजिश के तहत कराई गई। भाजपा सरकार दंगाइयों को शह देती है।

Update: 2023-08-02 14:42 GMT
Akhilesh Yadav (PHOTO: social media )

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार पूरे देश में नफरत की आग फैला रही है। राजनीतिक एजेण्डे के लिए सामाजिक सदभाव को बिगाड़ा जा रहा है। नफरत की आग फैलाना और समाज को बांटना ही भाजपा का मॉडल है। भाजपा शांति और विकास की दुश्मन है।

सरकार दंगाइयों को शह देती है-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि मणिपुर से लेकर हरियाणा तक सभी भाजपा शासित राज्य जल रहे हैं। बरेली में दंगा साजिश के तहत कराई गई। भाजपा सरकार दंगाइयों को शह देती है। कानून व्यवस्था बनाने वाले अधिकारियों को दंडित किया जाता है।

डबल इंजन की सरकार फेल-अखिलेश

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नें हरियाणा वासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कहा कि जनता किसी भी राजनीतिक साजिश और अफवाहों से सजग और सतर्क रहते हुए अपना भाईचारा बनाए रखें। मणिपुर हिंसा के बाद हरियाणा में बवाल डबल इंजन सरकार की नाकामी का एक और उदाहरण है। सरकार के रूप में भाजपा का इंजन फेल रहा।

बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता भाजपा से नाराज है। मुख्य समस्या से ध्यान हटाने के लिए भाजपा पूरे देश को दंगे-फसाद में झोंक रही है। बीजेपी सरकार देश की जनता को आपस में लड़ाने में अपना राजनीतिक फायदा देखती है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल है। आम जनता के दुःख दर्द, विकास, रोजगार से कोई मतलब नहीं है। सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। आज देश बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है।

कुक्कुट विकास समिति ने सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास समिति के प्रतिनिधिमण्डल ने अखिलेश यादव से मिलकर अपना ज्ञापन सौंपा, जिसमें अंडा माफियाओं द्वारा प्रदेश के पोल्ट्री व्यवसाय को क्षति पहुंचाने से रोके जाने और गुणवत्तायुक्त अंडा उपलब्ध कराने के लिए फरवरी 2023 में जारी शासनादेश को लागू कराने में कार्यवाही कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि "पोल्ट्री सेक्टर ग्रामीण उत्तर प्रदेश में प्रत्यक्ष रोजगार और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम है। समाजवादी सरकार के समय पोल्ट्री पालिसी 2013 के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश में 2.5 करोड़ से अधिका क्षमता के फार्म लगे हैं जिसमें से अधिकांश फार्म अंडे का उत्पादन मूल्य से भी नीचे रेट रहने से सरकारी आंकड़ों के अनुसार लगभग 70 फार्म बंद हो गए है और बैंक खाते एनपीए हो गए है।"

Tags:    

Similar News