Akhilesh Yadav: अखिलेश बोले- यूपी में अराजक हालात, बच्चियां छोड़ रही स्कूल..हिरासत में हो रही मौतें

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव के निशाने पर योगी सरकार और प्रशासन रही। उन्होंने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, रेप, स्वास्थ्य मसले और कानून-व्यवस्था पर निशाना साधा।

Written By :  aman
Update: 2022-11-04 13:36 GMT

अखिलेश यादव (Social Media)

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, कि उत्तर प्रदेश अराजकता की चपेट में है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शासन में प्रदेश में अपराध चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सूबे की बहू-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों में छेड़खानी और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। अखिलेश यादव ने ये बातें गुरुवार (04 नवंबर 2022) लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कही।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मीडिया से मुखातिब हुए। योगी सरकार के साथ-साथ यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, प्रदेश में हिरासत में लोगों की मौतें हो रही हैं। हिरासत में मौतों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इसके अलावा भी कई मुद्दों पर अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को घेरा।

प्रदेश में बढ़े रेप और छेड़खानी के मामले

समाजवादी पार्टी के मुखिया के निशाने पर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन रही। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और छेड़खानी को प्रमुख समस्या बताया। कहा, आज ये हालत है कि, बच्चियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया। मनचलों के भय से बच्चियां स्कूल जाने से तौबा कर रही हैं। लेकिन, बीजेपी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा। दुष्कर्म के मामले तो जैसे आम हो गए हैं। महिलाएं आज घर से बाहर निकलने से भी डरती हैं। 

प्रयागराज में हिरासत में मौत गंभीर

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज का मदद उठाया। उन्होंने कहा, 'कैसे प्रयागराज के पुलिस थाने में एक युवक की पिटाई से मौत हो गई? पुलिस निर्दोषों की जान ले रही है। और हुक्मरान आंखें मूंदे बैठे हैं। अखिलेश बोले, प्रदेश में सत्ता संरक्षित अपराधियों के आगे सरकार और प्रशासन पस्त है। जबकि, अपराधी मस्त हैं। इसी तरह उन्होंने, कानपुर के छात्र रोनिल की हत्या का मामला भी उठाया। कहा, रोनिल हत्याकांड का खुलासा करने में भी यूपी पुलिस विफल रही।' अखिलेश यादव ने प्रदेश में हो रही हत्याओं पर चिंता जाहिर करते हुए कहा, जनता में भय का माहौल है।

डेंगू-मलेरिया से लोग पस्त, योगी सरकार मस्त

अखिलेश यादव ने राज्य में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के कहर पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, सूबे में बुखार की दहशत है। लोग डेंगू-मलेरिया से परेशान हैं, लेकिन सरकार का स्वास्थ्य महकमा सुस्त पड़ा है। सरकारी अस्पतालों में इलाज की कोई व्यवस्था नहीं है। अखिलेश बोले, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी इलाज में लापरवाही पर चिंता जाहिर की है। बावजूद बीजेपी सरकार सुस्त बनी बैठी है, जैसे कोई बात ही नहीं। उन्होंने कहा, इस सब से भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा नजर आता है।'

Tags:    

Similar News