Jalaun News: अज्ञात महिला का खून से लथपथ मिला शव, एसपी पहुंचे मौके पर, तफ्तीश शुरू

Jalaun News: जनपद के गांधीनगर इलाके में बख्शेश्वर मंदिर से काली माता मंदिर की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई।

Update:2023-07-17 20:49 IST

Jalaun News: जनपद के गांधीनगर इलाके में बख्शेश्वर मंदिर से काली माता मंदिर की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की आला अधिकारियों को खबर दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस और एसओजी टीम भी मौके पर पहुंच गई। बताया गया है कि महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।

महिला के शव की शिनाख्त के प्रयास जारी

बता दें जालौन की कोंच कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांधीनगर इलाके में बख्शेश्वर मंदिर से काली जी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर मंदिर से करीब डेढ़ सौ मीटर आगे पगडंडी के किनारे एक महिला का खून से लथपथ शव पड़ा है। कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया और आलाअधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। महिला के गले को धारदार हथियार से काटा गया था। मौके पर पड़ा खून बता रहा था कि घटना को दोपहर के बीच में ही अंजाम दिया गया होगा। सीओ रामसिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने फॉरेसिंक टीम को मौके पर बुलवाकर साक्ष्य संकलन कराए। सर्विलांस और एसओजी टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल के आसपास झाड़ियों को भी देखा। पुलिस दल बारीकी से जांच पड़ताल में जुटी है। महिला के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने ये जताई आशंका

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि हो सकता है महिला किसी जानने वाले व्यक्ति के साथ यहां आई हो और उसी ने घटना को अंजाम दिया हो। घटनास्थल पर ही घटना को अंजाम देना प्रतीत हो रहा है। घटना स्थल पर किसी वाहन के आने की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा, सबसे पहले शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद ही आगे बढ़ा जा सकता है।

Tags:    

Similar News