Gorakhpur Municipal Elections: गोरखपुर में सेना के जवानों को हाउस टैक्स से छूट, महिला पार्षदों को 'दो लाख' का गिफ्ट

Gorakhpur Municipal Elections: निकाय चुनाव से पहले गोरखपुर नगर निगम की बैठक में शहर के सेना के जवानों और सेवानिवृत जवानों को हाउस, सीवर और जलकर से छूट देने का निर्णय लिया गया।

Update: 2022-10-15 04:36 GMT

गोरखपुर: सेना के जवानों को हाउस टैक्स से छूट, महिला पार्षदों को ‘दो लाख’ का गिफ्ट

Gorakhpur: निकाय चुनाव से पहले गोरखपुर नगर निगम (Gorakhpur Municipal Corporation) की अंतिम बोर्ड बैठक में सौगातों की बारिश की गई है। शहर के एक छोर पर स्थित हाईफाई रेडियेंट रिजॉर्ट में हुई बैठक में सेना के जवानों और सेवानिवृत जवानों को हाउस, सीवर और जलकर से छूट देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पार्षदों को दिवाली तक 10-10 लाख के विकास कार्य कराने की अनुमति होगी। महिला पार्षदों को दो लाख अतिरिक्त मिलेंगे।

महापौर सीताराम जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि सेवारत सेना के जवानों के साथ ही सेवानिवृत जवानों से हाउस, सीवर और जलकर नहीं लिया जाएगा। जवान को नगर निगम क्षेत्र में स्थाई निवास होना चाहिए। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि जनसुनवाई में सेना के जवानों का हाउस टैक्स खत्म करने की मांग आई थी। शासन के गाइडलाइन के बाद प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा गया था। इसके बाद पार्षदों ने चुनाव को देखते हुए पार्षद वरीयता की मांग रखी। जिसपर महापौर सीताराम जायसवाल ने 10-10 लाख रुपये मंजूर करने पर सहमति दी।


महिला पार्षदों को दो लाख अतिरिक्त

महिला पार्षदों की मांग को देखते हुए दो लाख अतिरिक्त वरियता देने की मांग हुई। अब महिला पार्षदों को वार्ड में विकास के लिए 12 लाख रुपये मिलेंगे। यह कार्य नवम्बर से पहले करा लिये जाएंगे। महापौर सीताराज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पांच साल का कार्यकाल विकास को लेकर अभूतपूर्व रहा है। नगर निगम का नया सदन सबसे बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम वैश्विक महामारी में एक जुट रही। जिसका नतीजा रहा है कि हम जनहानि को कम से कम करने में सफल हुए। कोरोना काल में पार्षदों, सफाई कर्मचारियों से लेकर सभी अधिकारियों ने कोरोना योद्धा बनकर काम किया। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्ष विपक्ष सभी के सहयोग से नगर निगम ने बेहतर काम किया। स्वच्छता रैकिंग में लगातार सुधार हुआ। कभी नोकझोंक भी हुई तो विकास को लेकर हुई।

इस दौरान उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में जो भी प्रस्ताव रखा गया, सभी को मंजूरी मिली। ऐतिहासिक कार्यकाल में पहली बार पार्षदों को भी पूरा सम्मान मिला। इस दौरान सपा पार्षद जियाउल इस्लाम, जितेन्द्र सैनी, देवेन्द्र गौड़ पिंटू, अजय राय और रणंजय सिंह जुगनू ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू, जियाउल इस्लाम, मनु जायसवाल, शकुन मिश्रा आदि को सम्मानित किया गया।

हर वार्ड में 25-25 नई स्ट्रीट लाइट

बोर्ड में स्ट्रीट लाइट को लेकर भी निर्णय हुआ। जिसमें सभी वार्डों में 25-25 नई स्ट्रीट लाइट लगाने पर सहमति बन गई। नगर आयुक्त ने बताया कि सभी वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइट दिवाली से पहले पार्षदों के प्रस्ताव पर लगा दी जाएगी।


दस एकड़ जमीन देकर एक करोड़ की कमाई करेगा नगर निगम

नगर निगम बोर्ड में सहजनवां के सुथनी में बायो फ्यूल बनाने के लिए नगर निगम की तरफ से निजी फर्म को दस एकड़ जमीन दी जाएगी। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि फर्म को नगर निगम की तरफ से सूखा और गीला कूड़ा दिया जाएगा। इसके एवज में फर्म द्वारा नगर निगम को बायो फ्यूल दिया जाएगा। जिसका इस्तेमाल नगर निगम की गाड़ियों में किया जाएगा। इसके साथ ही फर्म हर साल नगर निगम को एक करोड़ रुपये भी देगी। 

Tags:    

Similar News