UP Election 2022: अदिति सिंह पर प्रियंका गांधी ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- वो अभी बच्ची हैं

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रियंका गांधी ने अमेठी में चुनावी नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका ने बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला किया।

Published By :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Krishna
Written By :  Surya Bhan Dwivedi
Update:2022-02-23 18:33 IST

प्रियंका गाँधी (फाइल तस्वीर)

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां चरम पर है। यूपी में चुनाव की आहट के साथ ही कई नेता अब तक पाला बदल चुके हैं। इनमे से कई तो ऐसे चेहरे थे, जो अपनी पार्टी की पहचान हुआ करते थे। इन्हीं चेहरों में शुमार हैं अदिति सिंह। कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अखिलेश सिंह (Akhilesh Singh) की पुत्री अदिति सिंह कांग्रेस से विधायक रह चुकी हैं।

लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने अपना पुराना घर छोड़ नए घर में प्रवेश लिया। विधानसभा चुनाव में रायबरेली सदर सीट से बीजेपी उम्मीदवार अदिति सिंह (Aditi Singh) लगातार कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) पर हमलावर रही हैं। उनके हमलों पर अब तक चुप्पी साध बैठीं प्रियंका गांधी ने भी अब जवाब दिय़ा है।

अदिति को लेकर बोलीं प्रियंका

कांग्रेस की स्टार प्रचारक और यूपी में कांग्रेस का चेहरा बनीं प्रियंका गांधी प्रदेश में काफी सक्रिय हैं। वो अन्य चुनावी राज्यों के मुकाबले यूपी में अधिक सक्रिय हैं। कभी गांधी परिवार के गढ़ रहे अमेठी में चुनाव प्रचार को पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूर्व कांग्रेस नेत्री और मौजूदा भाजपा प्रत्याशी अदिति सिंह को लेकर बयान दिया है।

अदिति सिंह के हमलों और आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उसके पिता ने कहा था कि उसका ख्याल रखना। उसने पार्टी विरोधी गतिविधि भी की। तो भी मैंने अनदेखी कर दी। वो अभी बच्ची है। अभी अपने विवेक के हिसाब से काम कर रही है। उन्हें विवेक आएगा।

ये पहला मौका है जब प्रियंका गांधी ने अदिति सिंह पर बयान दिया है। बता दें कि अदिति के पिता अखिलेश सिंह यूपी के दिग्गज कांग्रेस नेता हुआ करते थे। रायबरेली से होने के कारण उनकी गांधी परिवार से काफी नजदीकी थी। वो सोनिया गांधी के काफी करीबी थे। रायबरेली सदर सीट जहां से अदिति को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है, कांग्रेस का गढ़ रहा है।

अदिति प्रियंका पर कर चुकी हैं हमले

भाजपा प्रत्याशी अदिति सिंह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ काफी पहले से मोर्चा खोले हुईं हैं। उन्होंने प्रियंका के सीएम फेस वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें सीएम फेस बनने का हक है। लेकिन वो इतनी सीटें लाएंगी कहां से ? इसके अलावा उन्होंने प्रियंका गांधी पर उन्हें परेशान करने का आरोप भी लगाया था। भाजपा उम्मीदवार ने कहा था कि वो एक बिन बाप की बेटी को परेशान कर रही हैं।

दरअसल अदिति सिंह की प्रियंका गांधी से अदावत का खामियाजा उनके पति औऱ पंजाब में कांग्रेस विधायक अंगद सिंह को भूगतना पड़ा। उन्हें कांग्रेस ने इस विधानसभा चुनाव में नवांशहर से टिकट नहीं दिया। जिसपर अदिति ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि बिना बाप की बेटी को प्रियंका परेशान कर रहीं हैं। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी ने टिकट लेने के वास्ते उनके पति अंगद पर उनके खिलाफ बयान देने के लिए दवाब बनाया था। अदिति ने कांग्रेस के नारे लड़की हूं लड़ सकती हूं पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि मैं लड़की हूं और लड़ सकती हूं।

प्रियंका का बीजेपी पर हमला

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक दिवसीय चुनावी दौरे पर अमेठी में है। इस दौरान महंगाई और बेरोजगारी के लिए सरकार को जिम्मेदार बताते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा कि ये सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। गरीबों के लिए सरकार ने कोई कार्य नहीं किया।

अमेठी जगदीशपुर राम लीला मैदान में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने एक बार फिर रिश्तों की दुहाई देकर अपना संबोधन शुरू किया। इस दौरान उन्होंने रोजगार, स्वास्थ, शिक्षा और युवाओं की बात करते कहा कि पिछले 5 सालों में रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में सरकार होते हुए भी रोजगार के पद खाली पड़े हुए हैं। 12 लाख सरकारी पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई। यूपी में बीजेपी सरकार को बेरोजगार नहीं दिखाई देते। हमें तो हर मीटिंग में बेरोजगार मिलते है।

सरकार नहीं दे रही किसानों की तरफ ध्यान : प्रियंका

बुंदेलखंड के किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसान के लिए लाइन में खड़े-खड़े मर रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार उनकी तरफ ध्यान नहीं दे रही है। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि महामारी के दौर में सरकार ने प्रदेश की जनता को बेसहारा छोड़ दिया था। किसानों का हाल इस सरकार में बहुत खराब है। नोटबंदी जीएसटी पर जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके चलते छोटे रोजगार बंद हो गए हैं। जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।

प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए प्रियंका ने कहा कि चार-पांच दिन पहले उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे जानवरों के बारे में मुझे आज संज्ञान हुआ। जबकि कांग्रेस लगातार सरकार को छुट्टा जानवरों के लिए पत्र व्यवहार कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार होते हुए भी बेरोजगारों के लिए कोई काम नहीं हुआ। यह सरकार धीरे-धीरे सरकारी कंपनियों को बेच रही है।

प्रियंका ने ली पीएम मोदी पर चुटकी

पीएम मोदी पर चुटकी लेते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि अमेरिका में ट्रंप जी खांसते हैं तो आपको जानकारी हो जाती है। यहां छुट्टा जानवरों और किसानों की दयनीय स्थिति की जानकारी आपको नहीं हो पा रही है। महंगाई के मुद्दे पर सरकार को कोसते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कड़वा तेल 240 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। 1 दिन की मजदूरी ढाई सौ रुपए है, एक दिन की मजदूरी में एक लीटर तेल भी नहीं मिल पा रहा है।

बिजली के बिल और डीजल पेट्रोल गैस के बढ़े दामों का जिक्र करते हुए प्रियंका ने सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। फ्री राशन को चुनावी स्टंट बताते हुए कहा कि यह सब राशन चुनाव को ध्यान में रखकर बांटा जा रहा है। सरकार से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि राशन और थोड़े-थोड़े पैसे भेजना ही आपकी जिम्मेदारी है?

कांग्रेस काल में लोगों को मिलती थी सरकारी नौकरियां

प्रियंका ने अपने पिता राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी तब अमेठी का नक्शा बदल गया था। रोजगार के लिए बहुत सारी फैक्ट्रियां लगाई गई थी। 15 साल पहले अमेठी के लोगों को सरकारी नौकरियां मिलती थी। सरकार जानबूझकर जनता गरीब बनाना चाहती है। यह सरकार पूंजीपतियों की है। उनसे सरकार आपका हिस्सा ले लेती है।आपके उस हिस्से से सरकार अपना प्रचार प्रसार करती हैं। उसके बाद प्रियंका गांधी रोड शो के लिए आगे बढ़ गई।

Tags:    

Similar News