Lucknow News: सपाइयों ने लखनऊ में धोये ब्राह्मणों के पैर, कहा- समाजवाद में सबका सम्मान

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ब्राह्मण व दलित समुदाय के पैर धोकर सम्मान की राजनीति की शुरुआत की है।

Report :  Akhilesh Tiwari
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-06 13:43 GMT

समाजवादी पार्टी के नेता जीशान असलम और शिवसेना के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल वहीद की फाइल तस्वीर (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कुर्सी रोड के जरखा गांव में ब्राह्मण व दलित समुदाय के पैर धोकर सम्मान की राजनीति की शुरुआत की है। समाजवादी पार्टी के नेता जीशान असलम और शिवसेना के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल वहीद ने हाथ में लोटा लेकर पैर धोया और कहा कि मेहनतकश मजदूर और ब्राह्मण समाज का सम्मान समाजवादियों ने हमेशा किया है।

समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा के दौरान राजधानी लखनऊ में समाजवादियों ने प्रदेश में नई पहल की है। कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के जरखा गांव में पहुंचे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गांव के एक दलित और एक ब्राह्मण का हाथ में जल लेकर पैर धोया है। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। न्यूजट्रैक को भी यह वीडियो मिला है। जिसमें समाजवादी पार्टी के नेता जीशान असलम और शिवसेना के पूर्व अध्यक्ष व सपा कार्यकर्ता अब्दुल वहीद को गांव के दलितों और ब्राह्मणों का पैर धोते देखा जा रहा है।

Full View

इस वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि दलित समाज के सुशील रावत नंगे बदन कुर्सी पर बैठे हुए हैं। वह अपने पैर धोने के लिए सपाइयों को रोक भी रहे हैं लेकिन सपा नेता जीशान असलम ने कहा कि आप मजदूर हैं, मेहनत करते हैं, आपके खेत का उगाया अन्न हम लोग खाते हैं। आपका सम्मान किया जाना बेहद जरूरी है। कोई छोटा—बड़ा नहीं है। आपका आशीर्वाद सबसे ज्यादा जरूरी है। इसी तरह अब्दुल वहीद ब्राह्मण इंदु प्रकाश पांडेय का पैर धोते हैं और कह रहे हैं कि आपका पैर समाजवादियों ने धोया है। ब्राह्मण आशीर्वाद भी देता है और शाप भी। सपाइयों ने आपका आज पैर धोया है। आपका आशीर्वाद सपा को मिलेगा और जिन लोगों ने ब्राह्मण को सताया है। उसका शाप लिया है। उन्हें इसका फल मिलेगा।


इस बारे में जब न्यूजट्रैक ने जीशान असलम से बात की तो उन्होंने बताया कि साइकिल यात्रा लेकर जब सपा कार्यकर्ता गांव में पहुंचे थे तो बातचीत में समाज के सम्मान को लेकर चर्चा हो रही थी। समाजवाद क्योंकि किसी को छोटा—बड़ा नहीं मानता है। इसलिए सपाइयों ने सभी की बराबरी की बात की लेकिन गांव के कुछ लोगों ने इसे मानने से इनकार किया। तब हम लोगों ने गांव के एक दलित व गरीब आदमी सुशील रावत का पैर धोकर उनका सम्मान किया और गांव के सम्मानित ब्राह्मण इंदु प्रकाश पांडेय का भी पैर धोया है। हम लोगों के मन से छोटे व बड़े का भेद मिटाना चाहते हैं।


सभी को उपर वाले ने एक समान बनाया है। दुनिया में अलग-अलग सोच वाले लोग छोटे-बड़े का अंतर करते हैं। जबकि समाजवाद का सपना है कि सभी लोगों को बराबरी का हक व सम्मान मिले। ब्राह्मणों का सम्मान भगवान श्रीराम ने भी किया है। शिवसेना के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल वहीद जो अब सपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवाद को मानने वाले हमेशा सभी वर्ग का सम्मान करते आए हैं। इसलिए हम लोगों ने दलित और ब्राह्मण का पैर धोकर आशीर्वाद लिया है।

Tags:    

Similar News