Mission 2022: चुनाव से पहले BJP की मीडिया फौज तैयार, विपक्ष को देगी जवाब, जन- जन तक पहुंचाएंगे सरकार की बात

Mission 2022: भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से कमर कस ली है। आज प्रदेश मुख्यालय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

Report :  Rahul Singh
Published By :  Shweta
Update: 2021-09-13 11:00 GMT

विधानसभा लखनऊ  ( डिजाइन फोटोः न्यूज़ ट्रैक)

Mission 2022: मिशन 2022 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपनी मीडिया टीम  को भी मजबूत और सशक्त बनाने में जुट गई है। प्रदेश मुख्यालय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। जिसमें विपक्ष के हमलों का जवाब देने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का मंत्र दिया गया।

इस कार्यशाला में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता जफर इस्लाम के साथ तमाम नेता शामिल हुए और अपनी टीम को चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिए। बता दें कि मीडिया कार्यशाला को सबसे पहले डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने संबोधित किया, "उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका लक्ष्य मिशन 2022 होना चाहिए। सरकार की योजनाएं आप के माध्यम से ही जन जन तक सही तरीके से पहुंच सकती हैं। इसलिए आपका रोल अब अहम है।आपको पूरी शिद्दत के साथ चुनाव तैयारियों में लग जाना चाहिए। "

वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है तो वह भ्रांतियां  फैला कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है। इसके लिए आप लोगों को तैयारी के साथ उन्हें जवाब देना होगा,। जिससे सरकार के खिलाफ हो जो माहौल बनाने में लगे हैं उन्हें यह भी मौका ना मिले।

 मोदी, योगी सरकार ने किया काम 

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास' के मूल मंत्र के साथ काम किया है। 2022 में हम गरीबों, किसानों, नौजवानों के लिए किये गए काम को लेकर जनता के बीच में जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि 2014, 2017, 2019 की तरह ही जनता का पूरा समर्थन हमें 2022 में भी मिलेगा। हम एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में 300 से ज्यादा सीट जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

2022 से तय होगा 2024 का रास्ता

 केशव मौर्या ने अपनी मीडिया टीम को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दा विहीन है। हताश और निराश है। 2022 में उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, जिसके जरिए वह जनता के बीच में जा सके। हमारी सरकार ने  किसानों की आय बढ़ाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराना, प्रयागराज भव्य कुंभ का आयोजन कराना, प्रदेश को अपराध मुक्त करना जैसे तमाम काम कर के दिखाये हैं। लेकिन जो आज हमारी सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं उन्होंने अब तक देश और प्रदेश को लूटा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष 2022 के सहारे 2024 जाने का भी रास्ता देख रहा है । लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि यह नरेंद्र मोदी की सरकार है जिसका कोई जोड़ नहीं है। वह 2024 में भी एक बार फिर से देश की सत्ता पर काबिज होगी।

अखिलेश यादव पर निशाना

केशव मौर्या ने कहा कि यह बीजेपी के लिए जीत की बात है कि अब अखिलेश यादव भी मंदिर में दर्शन करने जाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय में हुए कुंभ मेले में वह नहीं गए थे। ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और डरते हैं कि कहीं एक वर्ग उनसे नाराज ना हो जाए। जनता ने जब बीजेपी के हाथों में कमान सौंपी है तो वह भी मंदिर जाकर दर्शन करने लगे हैं। केशव मौर्या ने कहा कि सपा,बसपा, कांग्रेस हताश है और जनता बीजेपी के साथ है।

Tags:    

Similar News